कर्मचारी ने सात साल की बेटी के साथ किया दुष्कर्म का प्रयास

लखनऊ। लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में रेलवे के पूर्व कर्मचारी ने बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपित कर्मचारी पत्नी के विरोध पर उसकी पिटाई कर भाग निकला। पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास व पॉक्सो एक्ट के तहत आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर आशियाना के मुताबिक पीड़ित महिला ने बेटी का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया है।

पीड़ित महिला के मुताबिक उनका नगराम में मायका और आशियाना के सेक्टर एच में ससुराल है। रेलवे में गलत आचरण के चलते महिला के पति को निकाल दिया गया था। वह जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद से आरोपित पत्नी और बच्चों को अक्सर पीटता है। जिसके चलते महिला के ससुर ने उसे सेक्टर एच में अलग मकान में शिफ्ट कर दिया।

आरोपित वहां भी उन्हें परेशान करने लगा। जिसके बाद महिला दोनों बेटियों को लेकर मायके में रहने लगी। मंगलवार को महिला बेटियों संग सेक्टर एच स्थित मकान में सफाई करने गई थी, तभी वहां आरोपित पहुंचा और पत्नी के हाथ पैर रस्सी से बांधकर कोने में बैठा दिया।

इसके बाद घर में मौजूद सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला किसी तरह खुद को मुक्त करके पति से जा भिड़ी। जिस पर उसने महिला की पिटाई कर दी। इसके बाद महिला थाने पहुंची और तहरीर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *