पाकिस्तान ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाया

जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने दो दिन की शांति के बाद फिर से जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी रेंजर्स ने अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की चौकियों पर अकारण गोलीबारी की और फिर गोलाबारी भी की। गोलीबारी गुरुवार सुबह तक जारी थी।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया। अधिकारी ने कहा, ‘‘गोलीबारी और गोलाबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है।’’
पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से 13 और 18 सितंबर के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलीबारी और गोलाबारी की गई। इस दौरान जम्मू और पुंछ जिलों में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी और गोलाबारी में बीएसएफ के एक जवान और एक असैन्य व्यक्ति की जान चली गई तथा 12 अन्य घायल हो गए थे। पाकिस्तानी रेंजर्स ने 17 और 18 सितंबर की दरम्यानी रात अरनिया सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की और बाद में मोर्टार दागे। इससे एक रात पहले, पाकिस्तानी सैनिकों ने अरनिया सेक्टर में कई सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था। मोर्टार अरनिया शहर में गिरे थे और अरनिया बस अड्डे पर करीब एक दर्जन मोर्टार फटे, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी और कई अन्य जख्मी हो गए थे। इसी तरह से 16 सितंबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले में भारतीय सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया।