यशवंत सिन्हा का हमला, ‘अरुण जेटली ने बेड़ा ग़र्क कर दिया

अटल बिहारी सरकार में वित्त मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा ने मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है.

अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में लिखे लेख में उन्होंने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था गर्त की ओर जा रही है. भाजपा में कई लोग ये बात जानते हैं लेकिन डर की वजह से कुछ कहेंगे नहीं.

इस लेख का शीर्षक ‘I need to speak up now’ (मुझे अब बोलना ही होगा) है. उन्होंने लिखा है, ”देश के वित्त मंत्री ने अर्थव्यवस्था की हालत जो बिगाड़ दी है, ऐसे में अगर मैं अब भी चुप रहूं तो ये राष्ट्रीय कर्तव्य के साथ अन्याय होगा.”

‘चुनाव हारे फिर भी जेटली को मौका’

यशवंत सिन्हा और अरुण जेटली
इमेज कॉपीरइटAFP

यशवंत ने लिखा है, ”मुझे इस बात का भी भरोसा है कि मैं जो कुछ कह रहा हूं, यही भाजपा के और दूसरे लोग मानते हैं लेकिन डर की वजह से ऐसा कहेंगे नहीं.”

उन्होंने लिखा है कि अरुण जेटली को सरकार में बेस्ट माना जाता रहा है. साल 2014 चुनावों से पहले ये पता चल गया था कि वो नई सरकार में वित्त मंत्री होंगे. हालांकि वो अमृतसर से लोकसभा चुनाव हार गए थे. लेकिन ये बात भी उनकी नियुक्ति के आड़े नहीं आ सकी.

सिन्हा ने याद किया, ”अटल बिहारी वाजपेयी ने इन्हीं हालात में अपने करीबी सहयोगी जसवंत सिंह और प्रमोद महाजन को कैबिनेट में जगह नहीं दी थी.”

एक साथ चार मंत्रालयों पर सवाल

यशवंत सिन्हा और अरुण जेटलीइमेज कॉपीरइटAFP

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जेटली कितने ज़रूरी है, इस बात का पता इससे चलता है कि जेटली को चार मंत्रालय दिए गए, जिनमें से तीन अब भी उनके पास हैं.

सिन्हा ने लिखा है, ”मैं वित्त मंत्री रहा हूं इसलिए जानता हूं कि अकेले वित्त मंत्रालय में कितना काम होता है. कितनी मेहनत की ज़रूरी होती है. कितनी चुनौतियां होती हैं. हमें ऐसे शख़्स की ज़रूरत होती है, जो सिर्फ़ वित्त मंत्रालय का काम देखे. ऐसे में जेटली जैसे सुपरमैन भी इस काम को नहीं कर सकते थे.”

पूर्व वित्त मंत्री ने लिखा है कि अरुण जेटली कई मायनों में खुशकिस्मत वित्त मंत्री थे क्योंकि उन्हें माकूल हालात मिले. लेकिन सब ज़ाया कर दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *