हनीप्रीत को चंडीगढ़ के पास मोहाली में पकड़ी गई, पंजाब पुलिस ने हरियाणा को सौंपा

डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की गाेद ली बेटी हनीप्रीत को आज पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बाद में उसे हरियाणा पुलिस को सौंप दिया है। उसे चंडीगढ़ के पास मोहाली में पकड़ा गया है। हनीप्रीत को 39 दिन बाद पकड़ा गया। पकड़े जाने के बाद हनीप्रीत ने कहा कि पापा (गुरमीत राम रहीम) के जेल जाने से अकेली हो गई हूं।

इससे पहले चर्चा गर्म थी कि वह पंचकूला में पुलिस के समक्ष आत्‍मसमर्पण कर सकती है। गुरमीत राम रहीम के जेल जाने के बाद से लापता हनीप्रीत कथित तौर पर आज टीवी चैनलों पर पहली बार सामने आई। इसके बाद पंचकूला पुलिस सक्रिय हाे गई और पुलिस मुख्‍यालय में सरगर्मी बढ़ गई। पुलिस चाहती थी कि हनीप्रीत को सरेंडर करने से पहले गिरफ्तार कर लिया जाए।

एक निजी टीवी चैनल ने कथित तौर पर हनीप्रीत से बातचीत दिखाए जाने के बाद हरियाणा पुलिस सक्रिय हो गई और हनीप्रीत पर घेरा कसने के लिए सक्रिय हो गए। इस कथित बातचीत में हनीप्रीत ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। दूसरी आेर, पंचकूला के पुलिस कमिश्‍नर का कहना है कि हनीप्रीत के बारे में पुलिस को अभी कोई इनपुट नहीं मिला है।

बता दें कि गुरमीत राम रहीम को साध्वियों से दुष्‍कर्म के मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हनीप्रीत पर पंचकूला में हिंसा फ़ैलाने का आरोप है। उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज है और वह 26 अगस्‍त से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में नेपाल, राजस्‍थान और मुबंई सहित कई जगहों पर छापे मार चुकी है। पिछले दिनों उसने दिल्‍ली हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *