परिवहन निगम कर्मियों को मिला तोहफा

देहरादून। रोडवेज में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को विधिवत रूप से लागू कर दिया गया। शुक्रवार को रोडवेज के वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी ने सभी मंडलीय प्रबंधक, डीजीएम, एजीएम को आदेश जारी किए। 28 सितंबर को कैबिनेट में लिए गए निर्णय के अनुसार 11 अक्टूबर को परिवहन सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के आदेश दिया था। रोडवेज प्रबंधन की ओर इस बाबत कार्यवाही होना बाकी रह गई थी। इस फैसले का लाभ रोडवेज के करीब चार हजार स्थायी कर्मचारी-अधिकारियों को मिलेगा। सभी के वेतन में चार से पंद्रह हजार रुपये तक का इजाफा होने की उम्मीद है। वित्त नियंत्रक ने अधिकारियों को शासनादेश के प्रावधानों के अनुसार वेतनमान पुनरीक्षित करने के निर्देश दिए हैँ। रोडवेज प्रबंधन के फैसले से कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर है। रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के महामंत्री रवि पचौरी ने सरकार और प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नए वेतनमान के अनुसार देय एरियर का भुगतान भी जल्द देने का प्रयास किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *