युवक पर चढ़ा इश्क का भूत

हल्द्वानी। एस युवक पर इश्क का भूत इस कदर सवार है कि उसने एक शिक्षिका का जीना मुहाल कर दिया है। शिक्षिका से एक तरफा मौहब्बत में इस मनचले को दो बार जेल की हवा खानी पड़ी लेकिन वह फिर भी नहीं माना, अब हालात यह है कि वह फिर से शिक्षका के आसपास मंडराने लगा है।
माह भर पहले शिक्षिका का पीछा कर छेड़छाड़ के साथ ही गालीगलौज व धमकी देने वाला मनचला एक बार फिर किसी बहाने से दुबारा स्कूल तक पहुंच गया। शिक्षिका ने मनचले को देखा तो हड़कंप मच गया। मुखानी थाना पुलिस ने देर शाम मनचले को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी बार फिर से उसे जमानत मिल गयी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली एक शिक्षिका की दोस्ती कुछ साल पहले बरेली रोड में नवीन मंडी के पास रहने वाले राहुल तेजवानी से हुई। उस समय शिक्षिका कठघरिया स्थित एक स्कूल में पढ़ाती थी। धीरे-धीरे राहुल उससे एकतरफा मोहब्बत करने लगा। इस पर शिक्षिका ने उससे दूरी बनाने के प्रयास शुरू कर दिए। इस पर राहुल आक्रामक हो गया और आए दिन उसके घर व स्कूल पहुंचकर अभद्रता व धमकियां देने लगा। घबराई शिक्षिका ने स्कूल में पढ़ाना छोड़ दिया। राहुल की हरकतें हद से बाहर होने पर शिक्षिका के घरवालों की ओर से मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा। कुछ माह पूर्व से महिला ने आवास विकास स्थित एक स्कूल में पढ़ना शुरू किया। इसका पता लगा तो एक माह पूर्व राहुल ने फिर स्कूल आते-जाते समय पीछा कर शिक्षिका से छेड़छाड़ व विरोध करने पर गालीगलौज व धमकी देनी शुरू कर दीं। शिक्षिका की तहरीर पर राहुल के विरुद्ध धारा 504, 506 और 354डी के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ। वहीं कालेज परिसर में मनचले की दस्तक पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मनचला राहुल फर्नीचर का काम ढूंढने के बहाने शिक्षिका के स्कूल तक पहुंच गया। शिक्षिका की सूचना पर पुलिस स्कूल पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। तलाश में जुटी पुलिस ने देर शाम राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है उसको फिर से जमानत मिल गयी और वह फिर शिक्षिका के आस पास मंडराने लगा है।