चुनाव प्रचार थमा, सभी तैयारियां पूरी

जिले में धारा-144 लागूृ, पोलिंग पाटियों के पहुंचने का क्रम जारी
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू । हिमचाल प्रदेश में नौ नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम पांच बजे बंद हो गया। इसके साथ ही जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में धारा-144 लागू कर दी गई है। सभी पोलिंग बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गयी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी यूनुस ने इन विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हमारे संवाददाता को जानकारी देते हुए बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्षता से संपन्न करवाने के लिए सभी तरह के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 520 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी मतदान पार्टियों व सुरक्षा कर्मियों को रवाना कर दिया गया है। सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां मंगलवार की देर रात तक पहुंच जायेंगी और बुधवार को मतदान केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर, बूथ स्थापित कर देंगी। वीरवार सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को मतदाता पहचानपत्र जारी कर दिए गए हैं और वोटर पर्ची भी पहुंचा दी गई है। जिन मतदाताओं के पास पर्ची नहीं पहुंची है, वह बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकता है, अगर किन्हीं कारणों से किसी मतदाता के पास मतदाता पहचानपत्र नहीं है तो वह अन्य किसी फोटोयुक्त पहचानपत्र को दिखाकर भी मतदान कर सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था के विषय में जानकारी देते हुए उन्हेांने बताया कि सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। मतदान के लिए लाइन में लगे मतदाताओं के अलावा इस दायरे में पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। मतदान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा कोई भी व्यक्ति इस दायरे में मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं कर सकेगा। विभिन्न उम्मीदवारों के कार्यकर्ता मतदान केंद्र से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर बूथ स्थापित कर सकते हैं। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों के अलावा अन्य लोगों द्वारा मतदान केंद्र पर हथियार ले जाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। उन्होंने बताया कि सभी केन्द्रों पर हिमाचल पुलिस, होमगार्ड के अलावा केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों को पर्याप्त संख्या में रिजर्व में भी रखा गया है जो कि किसी भी स्थिति से निबटने को हर समय तैयार रहेंगे।
कुल 2,91,442 मतदाता
श्री युनुस ने बताया कि कुल्लू जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,91,442 मतदाता हैं। इनमें से 75,460 मतदाता 18 से 29 आयु तक के हैं। 1,42,353 महिला मतदाता व 1,49,089 पुरुष मतदाता हैं। मनाली में 66,338, कुल्लू में 81,462, बंजार में 66,019 और आनी में 77,623 मतदाता हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा कर्मचारियों के अलावा पांच-पांच अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं। पिछले चुनाव में कुल्लू जिला में मतदान प्रतिशतता करीब 79 प्रतिशत रही थी। उन्होंने कहा कि आशा है कि इस बार यह प्रतिशत अधिक रहेगा। उन्होंने सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए लोकतंत्र के इस महायज्ञ में शामिल होने को कहा है।