कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

देहरादून। नोटबंदी की सालगिरह पर कांग्रेसियों ने प्रदेश भर में रैली निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर जीएसटी का भी विरोध किया गया। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उधर, नोटबंदी के समर्थन में भाजपाई भी सड़कों पर उतरे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दून में रैली निकाली गई। राजीव भवन से घंटाघर, पल्टन बाजार, राजा रोड, गांधी रोड व दर्शनलाल चौक होते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रैली संपन्न हुई। रैली से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि नोटबंदी से हजारों लोग बेरोजगार हो गए। सैकड़ों लोगों को नोट बदलने के लिए जान गंवानी पड़ी। वहीं, सरकार को जनता की चिंता नहीं है, वह तो बस अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह जनविरोधी है और जनता इस सरकार को उखाड़ने के लिए बेसब्र है। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाधयाय, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना, मातबर सिंह कंडारी, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, राजेंद्र शाह, लालचंद शर्मा, महेश जोशी आदि मौजूद रहे।