कड़ी सुरक्षा के बीच हिमाचल में मतदान शुरू

शिमला। हिमाचल प्रदेश की 13वीं विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच 68 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान मतदान जारी है। मतदान के लिए सुबह से ही कतारें लगी हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पत्नी प्रतिभा सिंह और पुत्र विक्रमादित्य सिंह के साथ अपने पैतृृक गृह रामपुर में मतदान करेंगे। हिमाचल में 50 लाख से अधिक मतदाता 337 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। पहले यह संख्या 338 थी, लेकिन ब़़डसर से एक प्रत्याशी की मौत हो चुकी है। प्रदेश में पहली बार सभी सीटों पर वोटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रोल (वीवीपैट) मशीनों का उपयोग होगा। सुचारू मतदान के लिए प्रदेश भर में 7525 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतों की गिनती गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ ही 18 दिसंबर को होगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। निर्वाचन विभाग भी ऑनलाइन मतदान केंद्रों का पल-पल का हाल जानेगा। प्रदेश में मतदान करवाने के लिए कई चुनाव पार्टियां कई किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंची हैं। 21 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां दो किलोमीटर, 20 मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए दो से पांच किलोमीटर व 24 मतदान केंद्रों तक पांच किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर चुनाव पार्टियां पहुंची हैं। मतदान के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी होने पर हेलीकॉप्टर व डॉक्टरों को टीम तैनात की गई हैं।