धोनी की कप्तानी में लिया क्रिकेट का पूरा आनंद: गौतम गंभीर

नई दिल्ली। टी20 फॉर्मेट में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन को लेकर भले ही कुछ क्रिकेटर आलोचना कर रहे हों लेकिन उनके समर्थन में भी कम खिलाड़ी नहीं हैं। हाल में क्रिकेट से संन्यास लेने वाले तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के बाद अब दिल्ली के एक और क्रिकेटर ने उनका समर्थन किया है।
टीम इंडिया से बाहर चल रहे ओपनर गंभीर ने धोनी का पक्ष लिया है और उनके आलोचकों को करारा जवाब दिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के साप्ताहिक टीवी शो नाइट क्लब में गंभीर ने कहा, ‘मैं सौरभ गांगुली, राहुल द्रविड़, वीरेंदर सहवाग और धोनी के मार्गदर्शन में खेला। मुझे लगता है कि सबसे ज्यादा मैंने धोनी की कप्तानी में खेल का आनंद लिया। हमने खूब आनंद उठाया। हमारी उम्र लगभग एक ही है। वह हमेशा मस्त रहते हैं। उन्होंने हर चीज को बेहद सामान्य रखा, जो सबसे अच्छी बात थी।’
गंभीर ने कहा, ‘आपको श्रेय देना चाहिए (जहां बकाया हो)। लोगों ने उनकी (धोनी) कप्तानी की आलोचना की। उन्होंने जो भारतीय टीम के लिए किया, बुहत लोग नहीं कर पाए। उन्होंने जब टीम की लड़खड़ाती हालत को संभाला। अच्छा वक्त तो संभालना आसान होता है लेकिन जिस तरह वह बुरे दौर से निपटे, वह खास है। खासकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (2011-12) के खिलाफ हुए मैचों में भी वह बेहद शांत थे, जैसे वह आमतौर पर रहते हैं। दिल्ली के इस क्रिकेटर ने कहा, ‘धोनी अपने जज्बात ज्यादातर जाहिर नहीं करते। मुझे लगता है कि इसके लिए श्रेय माही को जाता है।’ गौतम गंभीर और धोनी ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल मुकाबले में श्री लंका के खिलाफ चौथे विकेट पर 109 रन की शतकीय साझेदारी की थी जिसने मैच की जीत में अहम योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *