मढ़ी व कोकसर में 15 नवंबर से स्थापित होंगी बचाव चौकियां
-कुल्लू-लाहुल में बादल छाते ही बढी मनाली-केलंग मार्ग पर चहलकदमी
-मौसम पर निर्भर रहेगी रोहतांग में वाहनों की आवाजाही, बीआरओ का कार्य जारी
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू। रोहतांग बंद होने की सूरत में लाहौल के लोग रोहतांग दर्रा पैदल ही पार करेंगे। दर्रे में बर्फ पड़ते ही वाहनों की आवाजाही भी बंद हो जाएगी। ऐसे में लोग बचाव दल की मदद से ही दर्रा पैदल पार करेंगे। रोहतांग में बर्फ पड़ते ही दर्रा पैदल पार करने वालो की मदद को 15 नवम्बर से मढ़ी व कोकसर में बचाव चैकियां स्थापित हो जाएगी जो दिसबंर के आखिर तक अपनी सेवाएं देंगे। रोहतांग दर्रे में सैलानियों की चहल-कदमी भी मौसम पर निर्भर रहेगी। मौसम खराब होने की सूरत में उन्हें पर्यटक स्थल कोठी या गुलाबा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। सर्दियों का जरुरी सामान लेने कुल्लू पहुंचे लाहुली भी आसमान में बादल देख घरों का रुख करने लगे हैं। वोट डालने लाहुल गए लाहुल के लोगों ने भी कुल्लू-मनाली का रूख र लिया है। शनिवार को एचआरटीसी की बसों सहित दर्जनों छोटे वाहनों में लाहौल के लोगों ने रोहतांग दर्रा आर-पार किया। बचाव दल में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान के सदस्य व पुलिस जवान मौजूद रहेंगे। 31 दिसबंर 2017 से 15 मार्च 2018 तक रोहतांग दर्रा राहगीरों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। अगले वर्ष 15 मार्च को बचाव चैकियां स्थापित होने के बाद ही दर्रे में कदमताल शुरु हो सकेगी। तब तक लाहुलियों को उडन खटोले पर ही निर्भर रहना होगा। हालांकि इस वर्ष रोहतांग सुरंग के दोनों छोर जुड जाने से लाहौल के लोगों ने राहत की सांस ली है लेकिन उडन खटोला भी उनका सहारा रहेगा। सर्दियों में रोहतांग दर्रे के बजाए सैलानी सोलंगनाला का रुख करेंगे। सोलंगनाला में अप्रैल तक सैलानी बर्फ के दीदार करते रहेंगे। मनाली एसडीएम हेमराज बैरवा का कहना है कि 15 नवम्बर से रोहतांग दर्रे के दोनों ओर बचाव चौकिया स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रोहताग दर्रे में बर्फ पडने की सूरत मे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सैलानियों को गुलाबा या कोठी से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
15 नवम्बर से रोहतांग दर्रे के दोनों ओर बचाव चौकिया स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रोहताग दर्रे में बर्फ पडने की सूरत मे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सैलानियों को गुलाबा या कोठी से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
———————— एचआर बैरवा, एसडीएम मनाली