दूरदराज क्षेत्रों में लगाए जाएंगे शिकायत निवारण शिविर

कमलेश वर्मा( परी)कुल्लू, 13 नवंबर। उपायुक्त यूनुस ने बताया कि आने वाले दिनों में कुल्लू जिला के चारों उपमंडलों की दूरदराज पंचायतों में जन शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि लोगों को विभागीय योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके और रूके पड़े कार्यों को गति प्रदान की जा सके। उपायुक्त ने बताया कि शिकायत निवारण शिविरों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा मिड डे मिल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और वरिष्ठ नागरिकों की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि कुल्लू जिला में भारी बर्फबारी वाले क्षेत्रों के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन क्षेत्रों की समस्याओं के निवारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष खाका तैयार किया जाएगा और लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने को प्राथमिकता दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि इन क्षेत्रों के निवासियों को कुछ महीनों का राशन एडवांस में ही उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं ताकि बर्फबारी के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने तथा पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत निवारण शिविरों के दौरान आम जनता से जुड़ी योजनाओं तथा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि पंचायत और गांव स्तर पर राजस्व और वन विभाग से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ऐसे मामलों को मौके पर ही निपटाकर विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।