दिव्यांग बच्चों-युवाओं की खेलकूद प्रतियोगिता 20 को

कमलेश वर्मा (परी)कुल्लू, 14 नवंबर। शारीरिक या मानसिक रूप से अक्षम बच्चों व युवाओं की जिला स्तरीय खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता 20 नवंबर को ढालपुर के रथ मैदान में आयोजित की जाएगी। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की युवा आयोजक दीप्ति वैद्य ने बताया कि 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के दृष्टि बाधित बच्चों के लिए 100 मीटर पैदल चाल और रस्सीकूद स्पर्धा होगी। इसी आयु वर्ग के बधिर बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़ व लंबीकूद, शारीरिक रूप से विकलांग बच्चों के लिए 50 मीटर वॉक व सॉफ्टबाल थ्रो, मानसिक रूप से विकलांग बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़ व बॉची स्पर्धा करवाई जाएगी। इसी आयु वर्ग में बैडमिंटन स्पर्धा भी होगी। 18 से 22 वर्ष के आयु वर्ग में महिला व पुरुषों की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ करवाई जाएगी। दीप्ति वैद्य ने बताया कि सभी अभिभावक अपने दिव्यांग बच्चों या युवाओं को 19 नवंबर शाम या 20 नवंबर को सुबह साढे नौ बजे ढालपुर स्थित खेल परिसर में लाएं। प्रतिभागियों के अलावा उनके साथ आने वाले एक परिजन को जलपान व खाने की व्यवस्था के अलावा आने-जाने का बस किराया भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *