लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ 20 वर्षीय फुटबॉलर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के चर्चित फुटबॉलर माजिद इरशाद खान, जो आतंकी बन गया था, ने आज पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। इस फुटबॉलर की उम्र महज 20 साल है। यह अनंतनाग का रहने वाला है। यह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था।माजिद इरशाद खान बहुत अच्छा गोलकीपर था। अक्तूबर महीने के आखिरी दिनों में यह 20 वर्षीय खिलाड़ी लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया। खिलाड़ी के दोस्त और परिवार वाले इससे बेहद परेशान और चिंतित थे। ऐसा माना जा रहा है कि यह खिलाड़ी अपने दोस्त यावर निसार शेरगुजरी के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के बाद आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया था। शेरगुजरी आतंकवादी था और वह अनंतनाग में अगस्त महीने में सुरक्षाबलों द्वारा मुठभेड़ में मारा गया था।इस फुटबॉलर ने आतंकवादी संगठन में शामिल होने का अपना इरादा 29 अक्तूबर के एक फेसबुक पोस्ट में जाहिर किया था। उसने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, ‘‘जब शौक-ए-शहादत हो दिल में, तो सूली से घबराना क्या।’’ सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो में खिलाड़ी की मां आयशा उसकी वापसी की गुहार लगा रही थी। वीडियो में उसकी मां को कहते हुए सुना जा सकता है कि लौट आओ और हमारी जान ले लो, उसके बाद चले जाना। तुम मुझे किसके लिए छोड़ गए? माजिद जल्द से जल्द लौट आओ, अपने पिता की खातिर।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *