दूरदराज क्षेत्रों को देंगे राशन का एडवांस कोटा… यूनुस
-सर्दी के मौसम में आपदा प्रबंधन को लेकर डीसी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू, 17 नवबंर।कुल्लू जिला के दूरदराज क्षेत्रों विशेषकर भारी बर्फबारी वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को पांच माह के राशन व अन्य आवश्यक वस्तुओं का कोटा पहले ही दे दिया जाएगा, ताकि सर्दी के मौसम में उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। यह बात उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने यहां कुल्लू में कही। वे यहां सर्दी के मौसम में किसी भी तरह की आपदा से निपटने के प्रबंधों को लेकर शुक्रवार को बचत भवन में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थर। उन्होंने बताया कि जिला के दूरदराज इलाकों के उपभोक्ताओं को दिसंबर के पहले हफ्ते में ही खाद्य आपूर्ति की 63 उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से राशन उपलब्ध करवा दिया जाएगा। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को जिला में सर्दी के मौसम के लिए सभी तैयारियां पूरी करने तथा अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में अक्सर सर्दियों के मौसम में दिक्कतें आती हैं, उन इलाकों पर सभी अधिकारी विशेष ध्यान दें तथा आवश्यक कदम उठाएं। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को उपमंडल स्तर पर किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए उचित प्रबंध करने तथा आवश्यक मशीनरी व उपकरण तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से भी मशीनरी ली जा सकती है। इसके अलावा भारी बर्फबारी या अन्य आपदा के के समय आईटीबीपी, एसएसबी और बीआरओ का भी सहयोग लिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि पंचायत स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन कमेटियों को भी जागरुक किया जाएगा तथा उनकी माॅक ड्रिल करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला में किसी भी तरह की आपदा की सूचना टाॅल फ्री नंबर 1077 पर भी दी जा सकती है। बैठक में सहायक आयुक्त डा. अमित गुलेरिया, एसडीएम बंजार अपूर्व देवगन, एसडीएम मनाली एचआर बेरवा, एसडीएम कुल्लू सन्नी शर्मा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा आईटीबीपी, एसएसबी और बीआरओ के अधिकारी भी उपस्थित थे।
बॉक्स
बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बन्द….उपायुक्त
उपायुक्त ने बताया कि बर्फबारी और अधिक ठंड के कारण रोहतांग दर्रा भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है तथा दर्रे के दोनों ओर मढ़ी और कोकसर में बचाव चैकियां स्थापित कर दी गई हैं। उन्होंने यात्रियों से इन चैकियों में पंजीकरण के बाद ही रोहतांग आर-पार करने की अपील की।