सहकारिता के क्षेत्र में कुल्लू जिला ने देश-विदेश में बनाई अपनी एक अलग पहचान…सत्य प्रकाश ठाकुर

कहा: कुल्लू जिला में सहकारिता आंदोलन का निरंतर हो रहा है प्रसार
-कुल्लू में जिला स्तरीय सहकारिता सप्ताह समारोह का शुभारंभ
-अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह समारोह में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू, 18 नवबंर। अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को सरवरी स्थित दि कुल्लू जिला सहकारी संघ के सहकार भवन में आयोजित किया गया। जिला सहकारी संघ द्वारा आयोजित किए गए इस समारोह में सहायक पंजीयक चेतना ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप भाग लिया, जबकि आईसीडीपी के महाप्रबंधक चेतन सिंह कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सहायक पंजीयक ने सहकार ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया तथा सहकारिता से जुड़े सभी लोगों को सहकारिता सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सहकार भवन के सभागार में आयोजित एक सेमिनार में कुल्लू जिला की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए चेतना ठाकुर ने बताया कि इस समय जिला में कुल 633 सहकारी सभाएं कार्य कर रही हैं। इस मौके पर जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा सहकारिता आंदोलन के महत्व व इतिहास की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिला में सहकारिता आंदोलन का निरंतर प्रसार हो रहा है और इस दिशा में जिला सहकारी संघ ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में कुल्लू जिला ने देश-विदेश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। विशिष्ट अतिथि चेतन सिंह कंवर ने भी सहकारिता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा विभिन्न सहकारी सभाओं के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के सहायक महाप्रबंधक चरणजीत सिंह ने डिजिटल बैंकिंग की जानकारी दी तथा सहकारी सभाओं से डिजिटल लेन-देन को अपनाने की अपील की। सेमिनार में उपस्थित विभिन्न सहकारी सभाओं के पदाधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य एवं कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक मंडल की सदस्य प्रेम लता ठाकुर, जिला सहकारी संघ के उपाध्यक्ष डोला सिंह महंत, महाप्रबंधक वीना गुलेरिया, भुटिटको के महाप्रबंधक रमेश ठाकुर और अन्य सहकारी सभाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *