थोड़ा-सा प्रोत्साहन बदल सकता है विशेष बच्चों की तकदीर…यूनुस

कहा: शारीरिक व मानसिक रूप से अक्षम बच्चों में भी होती है कई तरह की प्रतिभाएं
– कुल्लू के ढालपुर मैदान में विशेष बच्चों की ज़िला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित
– उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 20 नवबंर। शारीरिक और मानसिक रूप से अक्षम बच्चों में भी कई तरह की प्रतिभाएं होती हैं। ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करके उनकी प्रतिभा को निखारने की आवश्यकता होती है। यह बात उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने यहां कुल्लू में कही। वे यहां कुल्लू के ढालपुर मैदान में विशेष खिलाड़ियों के लिए आयोजित की गयी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विशेष बच्चों की न केवल जिंदगी बदल जाती है, बल्कि वे विभिन्न क्षेत्रों में बहुत बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कई ऐसे बच्चों व युवाओं ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस अवसर पर जिलाधीश ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता रहे विशेष खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया तथा उन्हें उपहार बांटे। इससे पहले युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की युवा आयोजक दीप्ति वैद्य ने जिलाधीश का स्वागत किया तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। प्रतियोगिता के आयोजन में सर्व शिक्षा अभियान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और विभिन्न संस्थाओं ने भी सहयोग किया। समापन अवसर पर रोटरी क्लब कुल्लू के वरिष्ठ पदाधिकारी डा. पीडी लाल, सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। 
बॉक्स
100 मीटर दौड़ में कुशल ने मारी बाजी
लंबी कूद और 100 मीटर दौड़ की दोनों स्पर्धाओं में सर्व शिक्षा अभियान के कुशल प्रथम व नैब के समीर द्वितीय रहे, जबकि लड़कियों के वर्ग में एसएसए की वंदना व निशा ने बाजी मारी। साफ्ट बाॅल और पैदल-चाल स्पर्धाओं में एसएसए के भानु प्रताप ने पहला और छविंद्र पाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों में एसएसए की तनवी ने अव्वल रहीं। एमआर के 13-17 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ एसएसए के राहुल ने जीती। नानक चंद ने दूसरा और दिशू ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों में पिंकी पहले और जांगमों दूसरे स्थान पर रही। रस्सी कूद दौड़ में नैब की संजना प्रथम और सीनियर सेकेंडरी स्कूल बजौरा की प्रिया द्वितीय रही। लड़कों में नैब के अविनाश और राजकुमार ने क्रमशः पहला व दूसरा स्थान हासिल किया। दृष्टि बाधितों के 13-17 आयु वर्ग की 100 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में नैब के दौलत राम प्रथ्म, संतोष द्वितीय, लड़कियों में एसएसए की ललिता प्रथम और शालू द्वितीय रही। 100 मीटर दौड़ में प्रिया ने पहला स्थान पाया। बाॅची में दीक्षित, मंगल और अमन प्रथम रहे। तुषार, प्रिया, पायल, विदिता और अंजना द्वितीय रही। कंचन, प्रिया, प्रीति, जांगमों, हैप्पी, हिमांशी, अर्जुन और राहुल ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।