लोकनिर्माण विभाग ने डंगा लगाकर किया रास्ता बंद, लोगों में भारी रोष

लोकनिर्माण विभाग ने डंगा लगाकर किया रास्ता बंद, लोगों में भारी रोष
मणिकर्ण घाटी के छरोड़नाला में 27 को होगा चक्का जाम
कमलेश वर्मा (परी), कुल्ल 24 नवबंर। कुल्लू ज़िला की पार्वती घाटी के छरोड़नाला में 27 नवम्बर को लोग चक्का जाम करेंगे। छरोड़नाला निवासी अनिता शर्मा, गौरी शर्मा, सुनील कुमार, एस.पी. पंडित, सोनिया शर्मा, शाम लाल शर्मा, नेत्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने उनके घर का रास्ता बंद कर रखा है। उनके घर के रास्ते में विभाग ने सड़क के साथ 15 फुट ऊंचा डंगा लगाया है। इस डंगे के पीछे सड़क के साथ अनिता शर्मा का मकान है।
उपायुक्त के तीन बार आदेश जारी करने के बावजूद नहीं दिया रास्ता
लोक निर्माण विभाग के खिलाफ लोग लामबंद
तीन बार डी.सी. कुल्लू ने लोक निर्माण विभाग और एस.डी.एम. कुल्लू को लिखित आदेश जारी करके कहा है कि अनिता शर्मा और साथ लगते अन्य मकानों को रास्ता दे दे। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग पिछले डेढ़ साल से अपनी जमीन व डंगे के कुछ हिस्से को हटाकर रास्ता नहीं दे रहा है। लोक निर्माण विभाग ने जमीन की निशानदेही भी 7 जुलाई 2016 और 12 अप्रैल 2017 को तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी से करवाई थी। अनिता ने कहा कि 16 जुलाई 2016, 18 अगस्त 2016 को उन्होंने भी राजस्व, लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग की मौजूदगी में जमीन की निशानदेही करवाई। 3 नवम्बर 2016 को पुलिस विभाग ने जमीन की निशानदेही के लिए राजस्व विभाग को बुलाया था। अनिता ने बताया कि उनके घर के आगे लोक निर्माण विभाग की लम्बाई में काफी जमीन है।
विभाग से भी कई बार आग्रह किया कि इस जमीन में कहीं भी घरों के लिए रास्ता की जगह बनाई जाए लेकिन विभाग ने नहीं सुनी। पार्वती घाटी व विभिन्न क्षेत्रों के अन्य लोगों में अशोक ठाकुर, सुदर्शन ठाकुर, सुनील कुमार, तेज राम, नरेश कुमार, अश्वनी, दयानंद, बी.डी.सी. सदस्य मीना शर्मा, राम कृष्ण ठाकुर, देवेश ठाकुर, जोगिंदर दत्त, लाल चन्द शर्मा सहित अन्य लोगों का कहना है कि छरोड़नाला में सड़क भी तंग है। इससे हादसे भी हो रहे हैं। ऊपर से किसी के घर का रास्ता बंद करना भी किसी भी सूरत में न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि अनिता शर्मा के घर सहित साथ लगते अन्य घरों के लिए लोक निर्माण विभाग अविलम्ब रास्ता दे। 27 नवम्बर को सुबह 9.45 बजे छरोड़नाला में धरना प्रदर्शन के साथ साथ चक्का जाम भी किया जाएगा। अनिता शर्मा ने कहा कि इस धरना प्रदर्शन और चक्का जाम के संदर्भ में डी.सी. कुल्लू और पुलिस अधीक्षक कुल्लू को भी सूचित किया गया है।