ट्विंकल खन्ना ने बनाई रानी मुखर्जी की लाइफ : अक्षय कुमार

मुंबई। अक्षय कुमार ने हाल ही में एक ऐसा खुलासा किया है जिसे जानकार आप चौंक जाएंगे। अक्षय ने एक इंटरव्यू में बताया है कि उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना ने रानी मुखर्जी की ज़िन्दगी बनाई है। और यह बात आज भी ट्विंकल रानी को सुनाती हैं।
यह तो आप जानते ही होंगे कि करण जौहर ने अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू फ़िल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में रानी के किरदार के लिए पहले ट्विंकल खन्ना को एप्रोच किया था। आपको बता दें कि ट्विंकल और करण फ़िल्म इंडस्ट्री में आने से पहले से ही एक दूसरे के बेहद अच्छे दोस्त थे। इन्होंने साथ में पढ़ाई की थी और करण ने यह भी कहा था कि ट्विंकल ही एक ऐसी लड़की है जिस पर उन्हें बहुत बड़ा क्रश था। ऐसे में जब करण ने फ़िल्म ‘कुछ कुछ होता है’ ट्विंकल को ऑफर की तो सोचा एक दोस्त होने के नाते वो उन्हें मना नहीं करेंगी। लेकिन, आपको बता दें कि ट्विंकल ने तो ‘कुछ कुछ होता है’ की स्क्रिप्ट उठा कर फेंक दी थीं।
अक्षय ने इस बारे में खुलासा करते हुए कहा, “ट्विंकल ने मुझे बताया था कि उन्होंने ‘कुछ कुछ होता है’ की स्क्रिप्ट पढ़ी थी और उन्हें कुछ समझ नहीं आया था इसलिए उन्होंने स्क्रिप्ट उठाकर फेंक दी थीं और करण को फ़िल्म के लिए मना कर दिया। वो आज भी रानी से कहती हैं कि तेरी ज़िन्दगी मैंने ही बनाई है।” ट्विंकल के बारे में इस तरह की मज़ेदार बातें बताते हुए अक्षय ने यह भी कहा कि वो जब भी सोते हैं तो ट्विंकल उनके कानों में धीरे से कहती हैं ‘अच्छी फ़िल्में करो, अवार्ड्स जीतो’ जिसके जवाब में वो भी उनके कानों में कहते हैं ‘मेला… मेला…’
अक्षय की फ़िल्मों की बात की जाए तो जल्द ही सोनम कपूर से साथ ‘पैडमैन’, रजनीकांत के साथ ‘रोबोट 2.0’ और रीमा कागती की ‘गोल्ड’ में नज़र आने वाले हैं। वहीं रानी मुखर्जी जल्द ही फ़िल्म ‘हिचकी’ में दिखाई देंगी जो पोस्ट प्रेगनेंसी उनकी पहली फ़िल्म होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *