3 दिसंबर को कुल्लू के देवसदन में मनाया जाएगा ज़िला स्तरीय
विश्व विकलांगता दिवस
कमलेश वर्मा(परी)
,कुल्लू,27 नवंबर। जिला स्तरीय विकलांगता दिवस 3 दिसंबर को देवसदन कुल्लू में मनाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त कुल्लू युनूस ने सोमवार को अपने कक्ष में अधिकारियों, गैर सरकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ दिवस के प्रबंधो को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने बताया कि इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांग बच्चों और व्यक्तियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं के दिव्यांग बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुत करेंगे और विभिन्न खेल गतिविधियों में भी भाग लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि जिला रैडक्रास सोसायटी की ओर से दिव्यांगों को उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों और गैर सरकारी संगठनों से विकलांगता दिवस में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नवचेतना विशेष स्कूल द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू राकेश शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. विक्रम कटोच, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र आर्या, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव बी.के. मोदगिल सहित अन्य गैर संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।