कुल्लू जिला में एक दशक में लापता हुए 252 नाबालिग बच्चे

कुल्लू जिला में एक दशक में लापता हुए 252 नाबालिग बच्चे
-पांच बच्चों का अभी तक नहीं लग पाया है कोई सुराग
-एक सप्ताह पूर्व लापता हुए कुल्लू के टिवेंद्र का भी नहीं लगा अभी कोई अता-पता
कमलेश वर्मा(परी), कुल्लू, 01 दिसंबर। जिला कुल्लू में पिछले एक दशक में 252 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें से लापता हुए पांच बच्चों का आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इन्हीं पांच बच्चों में लगभग एक सप्ताह पूर्व कुल्लू की बल्ह पंचायत से लापता टिवेंद्र का भी पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस जानकारी के अनुसार वर्ष2005 से लेकर अब तक कुल्लू जिला में18 वर्ष से कम आयु के करीब 252 नाबलिग बच्चे लापता हुए। इन 252 लापता बच्चों में 123 नाबालिग लड़कियां और 129 लडक़े शामिल हैं। पुलिस के अनुसार करीब एक दशक में लापता हुईं123 बच्चियों में से पुलिस प्रशासन121 बच्चियों को ही तलाश पाया है जबकि दो बच्चियों का अभी भी कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। वहीं, लापता129 बच्चों में से 126 बच्चे तो मिल गए लेकिन तीन बच्चों का कोई अता-पता नहीं लग पाया। लापता हुए नाबालिग बच्चों में वर्ष 2006 में भुंतर से लापता हुए गदोरी निवासी इंशान का आज तक कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं,2010 में कुल्लू से लापता हुए हनुमानी बाग निवासी दो वर्षीय गनवारी छीमी का भी कोई सुराग नहीं लगा है। इसके साथ ही वर्ष 2011 में मनाली से लापता दिल्ली निवासी इमरान का भी कोई पता नहीं चल पाया है। वर्ष 2012 में शमशी से अपनी माता के साथ लापता हुई दो वर्षीय बच्ची मोनिका का भी कोई सुराग नहीं मिला। वर्ष 2013 में मनाली से लापता हुई14 वर्षीय अंजली निवासी पतलीकूहल को भी कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं, अभी ताजा मामले में कुल्लू की बल्ह पंचायत से लापता हुए 13 वर्षीय टिवेंद्र का भी एक सप्ताह बाद पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। उधर, इस बारे में एसपी कुल्लू शालिनी अग्रिहोत्री का कहना है कि पिछले 10 सालों में कुल्लू जिला में 252 नाबालिग बच्चे लापता हुए हैं जिनमें से 247 बच्चों को पुलिस ने ढूंढ निकाला है लेकिन अभी भी 5 बच्चे लापता हैं। इन पांच मामलों में अभी हाल ही में ताजा मामले में कुल्लू की बल्ह पंचायत का 13 वर्षीय टिवेंद्र भी शामिल है जिसे ढूंढने के लिए पुलिस हर तरफ से छानबीन कर रही है लेकिन बच्चे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बॉक्स
पिछले 10 सालों में कुल्लू जिला में 252 नाबालिग बच्चे लापता हुए हैं जिनमें से पुलिस ने 247 बच्चों को ढूंढ निकाला है जबकि 5 बच्चे अभी भी लापता हैं। इसके अलावा अभी हाल ही में कुल्लू से एक बच्चा लापता हुआ है जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस पूरी छानबीन कर रही है और शीघ्र ही इस बच्चे को ढूंढ लिया जाएगा।
शालिनी अग्रिहोत्री, पुलिस अधीक्षक कुल्लू