कमाऊ पूत बनेगी अब मिनी सचिवालय बंजार की पार्किंग
पेड पार्किंग किए जाने से वाहन चालकों सहित अन्य लोगों की समस्या होगी हल
-बंजार बाजार में जाम की समस्या आम, लोग परेशान
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 01 दिसंबर। जिला कुल्लू के बंजार में पार्किंग की समस्या से अब यहां की जनता सहित बाहर से आने वाले वाहन चालकों को निजात मिलने वाली है। यहां के जनता को आए दिन पेश आ रही इस समस्या को देखते हुए शुक्रवार को एसडीएम बंजार अपूर्व देवगन ने बंजार के नागरिकों को सूचित किया है कि बंजार स्थित मिनी सचिवालय की जो पार्किंग है उसे अब पेड पार्किंग का रूप दे दिया गया है। जानकारी देते हुए एसडीएम बंजार ने बताया कि सडक़ किनारे वाहनों को खड़ा करने वाले लोगों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि मिनी सचिवालय की पार्किंग में आठ घंटे सुबह 9 से सांय 5 बजे तक के मात्र 20 रूपए के हिसाब से पैसे लिए जाएंगे। इसके अलावा महीनेे भर के लिए 20 वाहनों की फिलहाल व्यवस्था की गई है जिसका मासिक शुल्क मात्र 250 रूपए चुकाना पड़ेगा। 
उन्होंने बताया कि जगह के हिसाब से फिलहाल यही व्यवस्था की गई है आगे क्या निर्णय लिया जाता है उसके बारे में आमजन को सूचित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पार्किंग से जो धन एकत्रित होगा उससे रैडक्रॉस, सफाई व्यवस्था,जन कल्याण सुधार व्यवस्था जैसे कार्यों में यह धन खर्च किया जाएगा जिससे पार्किंग की समस्या से भी निजात मिलेगी और इसके साथ धन भी अर्जित होगा। अपूर्व देवगन ने बताया कि बंजार बाजार में पार्किंग एक विकराल समस्या है अगर रोजमर्रा के कामों को निपटाने के लिए वाहन चालक अपने वाहनों को मिनी सचिवालय की पार्किंग में लगाते हैं तो जाम जैसी समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलेगी।