रैली निकाल संजय लीला भंसाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी

धर्मशाला : राजपूत समुदाय संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती के विरोध में हिमाचल प्रदेश राजपूत कल्याण सभा के बैनर तले सड़क पर उतर आया है। संगठन ने शुक्रवार को धर्मशाला में शहीद स्मारक से विरोध रैली निकाल संजय लीला भंसाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । हिमाचल प्रदेश राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष टेक चंद राणा के नेतृत्व में जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर हिमाचल सहित देशभर में फिल्म पद्मावती पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। सभा के अध्यक्ष टेक चंद राणा ने कहा कि महारानी पद्मावती ने सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिष्ठित चितौड़गढ़ में वर्ष 1303 ई. में त्याग एवं बलिदान किया था। उन्हे सारा राजपूत एवं क्षत्रिय समाज आदर भाव से आदर्श मानता है, जबकि संजय लीला भंसाली ने फिल्म पद्मावती में महारानी के इस संघर्ष को नजरअंदाज कर ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। इससे न केवल राजपूत, क्षत्रिय समाज ही, बल्कि देश के अन्य वर्ग भी आहत हैं।
उन्होंने बताया कि फिल्म में महारानी को खिलजी के साथ प्रणय मुद्रा में दर्शाया गया है, जो सरासर मिथ्या, भ्रामक व चरित्र हनन के तुल्य है। टेक चंद राणा ने बताया कि राजपूत कल्याण सभा हिमाचल प्रदेश महारानी पद्मावती के चरित्र हनन का विरोध करती है। राजपूत समुदाय इस फिल्म को रिलीज न होने की माग करता है, अन्यथा राजपूत कल्याण सभा हिमाचल प्रदेश में फिल्म पद्मावती को प्रदर्शित नहीं होने देगी।
भारत का समस्त राजपूत समुदाय संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को लेकर एकजुट होकर अपना विरोध करेगा। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश राजपूत कल्याण सभा के चेयरमैन ठाकुर कुलदीप ¨सह, उपाध्यक्ष विरेद्र सिंह, महासचिव सीडी राणा, एचसी राणा व अन्य मौजूद रहे।