हिमाचल की कल्पना ठाकुर बनी मिसेज एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस-2017

चीन के शंघाई शहर में आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में लिया भाग
-ग्रीन लेडी ऑफ एशिया कल्पना ठाकुर ने विश्वभर में रोशन किया देश व प्रदेश का नाम
-सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का लगा तांता
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 01 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश की कल्पना ठाकुर ने चीन में आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में मिसेज एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस-2017 का खिताब अपने नाम किया है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली से संबंध रखने वाली कल्पना ठाकुर ने चीन के शंघाई में आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह खिताब झटका है। गत दिन देर रात तक चली इस प्रतियोगिता में 10 सुंदरियों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ जिसमें टेलेंट राउंड, नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड व क्विज राउंड में कल्पना ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह खिताब अपने नाम किया है। इस दौरान कल्पना ठाकुर की प्रतिभा की निर्णायक मंडल द्वारा भी खूब सराहना की गई। वहीं, इस प्रतियोगिता में भारत की ममता को क्लासिक मिसेज वर्ड पीस चुना गया। इसके अलावा कोरिया की सुंगें किम क्लासिक मिसेज टूरिज्म 2017 का खिताब अपने नाम कर लिया। दूसरे नंबर पर श्रीलंका की रसिका रही उन्हें क्लासिक मिसेज ग्लोबल के खिताब से सम्मानित किया। चीन की चेंग ली तीसरे स्थान पर रही। मनाली की कल्पना ठाकुर ने शुरू से ही बढ़त बनाते हुए टॉप-10 में जगह बनाई। भारत से दो सुंदरियों कल्पना और ममता ने टॉप टेन में जगह बनाई थी। कल्पना ने इंडिया फ़ॉर सस्टेनेबल पीस फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचरएएए रीयूज द वेस्ट थीम पर अपने हाथों से बेस्ट समान से बनाई सजावटी ज्वैलरी के साथ मंच में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया। जिस पर प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल द्वारा कल्पना ठाकुर को ग्रीन लेडी ऑफ एशिया के नाम से भी संबोधित किया गया। कल्पना ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विश्वभर में अपने भारत देश व प्रदेश, जिला का नाम रोशन किया है। गौर रहे कि इससे पहले भी कल्पना ठाकुर क्लासिक मिसेज इंडिया गलोबल का खिताब अपने नाम कर चुकी है। ग्रीन लेडी ऑफ एशिया कल्पना ठाकुर का संबंध कुल्लू व लाहुल-स्पीति दोनों ही जिलों से है। लाहुल-स्पीति में कल्पना ठाकुर के पैतृक घर हैं जबकि मनाली में ससुराल है। कल्पना की इस उपलब्धि से जहां हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है वहीं, कुल्लू व जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में भी खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। उधर, कल्पना को इस प्रतियोगिता के लिए प्रेरित करने वाली पूर्व पार्षद एवं समाज सेविका इंद्रा शर्मा ने बताया कि कल्पना अपनी प्रतियोगिता के चलते टॉप फाइव में जगह बनाने में सफल रही है। उन्होंने बताया कि कल्पना ठाकुर का यह सफर मनाली में आयोजित रैडक्रॉस मेले से हुआ है। गौर रहे कि मनाली में आयोजित रैडक्रॉस मेले में पूर्व में एसडीएम मनाली रही ज्योति राणा द्वारा पहली बार मिसेज मनाली प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिसमें कल्पना ठाकुर ने भी भाग लिया था और इस प्रतियोगिता से ही प्रेेरित होकर कल्पना ठाकुर ने अपना आगे का सफर जारी किया था और उसी का नतीजा है कि आज कल्पना ने चीन जैसे देश में जाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं, सोशल मीडिया के इस जमाने में कल्पना ठाकुर को फेसबुक पर बधाई देने वालों का खूब तांता लगा हुआ है। कल्पना के प्रशंसकों का कहना है कि कल्पना के मनाली पहुंचने पर उसका कुल्लवी परंपरानुसार ढोल-नगाड़ों की थाप पर भव्य स्वागत किया जाएगा। बहरहाल, कल्पना सहित ममता ने चीन में आयोजित 34 देशों के बीच हुई इस प्रतियोगिता में भारत को चौथे और पांचवे नंबर में रखकर देश का नाम रोशन किया है।
————————————————————————————————
क्यों कहा गया कल्पना ठाकुर को ग्रीन लेडी ऑफ एशिया
कल्पना की विशेषता यह भी रही है कि वे कचरे से अपने हाथों से बनाए परिधान और आभूषण को सजावटी सामान में शामिल करती है। चीन के शंघाई शहर में आयोजित इस मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में भी कल्पना ठाकुर ने कूड़े कचरे से ही बनाई गई सजावटी सामान व परिधान को इस्तेमाल किया जिसके लिए निर्णायक मंडल द्वारा कल्पना ठाकुर को ग्रीन लेडी ऑफ एशिया के नाम से भी संबोधित किया गाय। गौर रहे कि कल्पना ठाकुर ने अपने घर में प्लासटिक की चीजों व कूड़े कचरे से कई तरह सजावटी सामान बना रखा है। यही नहीं कल्पना को कूड़े कचरे से सजावटी सामान बनाने के लिए कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।

————————————————————————————
सोशल मीडिया में बधाई देने वालों का लगा तांता
हिमाचल की कल्पना ठाकुर की इस उपलब्धि पर जहां कुल्लू व लाहुल में खुशी की लहर है वहीं, पूरे फेसबुक पर भी कल्पना ठाकुर को बधाई देने वालों का खूब तांता लगा हुआ है। कल्पना ठाकुर का परिवार, रिश्तेदार व प्रशंसक अब बेसब्री से कल्पना का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *