कुल्लू में स्पेशल बच्चों ने अपनी विभिन्न प्रस्तुतियों से किया सबको भावुक

-दिव्यांग बच्चों में भी होती हैं कई तरह की प्रतिभाएं…राकेश शर्मा
-कुल्लू के देवसदन में जि़ला स्तरीय विश्व विकलांगता दिवस आयोजित
-कल्याण विभाग, एसएसए और आरएमएसए ने आयोजित किया समारोह
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 03 दिसंबर। दिव्यांग बच्चों में भी कई विशेष प्रतिभाएं होती हैं और इन स्पैशल बच्चों के अभिभावकों और शिक्षकों को इनकी प्रतिभाओं व हुनर की पहचान करनी चाहिए तथा उन्हें मुख्य धारा में लाने के लिए उपयुक्त कदम उठाने चाहिए। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त राकेश शर्मा ने यहां कुल्लू के देवसदन में विश्व विकलांगता दिवस के उपलक्ष्य पर कही। वे यहां देवसदन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान आरएमएसए और सर्व शिक्षा अभियान एसएसए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा व प्रशिक्षण के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से कई प्रावधान किए गए हैं। एसएसए और आरएमएसए के अंतर्गत भी इन्हें कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। दिव्यांगों को इन सुविधाओं के अलावा सरकारी नौकरियों में भी चार प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इस मौके पर जिला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा ने एडीसी, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा तथा विकलांगों के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव वीके मोदगिल ने जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र में दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया। समारोह के दौरान दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। आरएमएसए के जिला समन्वयक डा. सुनील वर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों व संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। वहीं, इससे पहले रथ मैदान में आरएमएसए और एसएसए के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के विभिन्न आयु वर्गों की दौड़, पैदल चाल, बॉची, सॉफ्टबाल थ्रो, चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। इन प्रतियोगिताओं में आरएमएसए और एसएसए के विभिन्न ब्लॉकों के दिव्यांग विद्यार्थियों के अलावा नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड्स, नवचेतना, हैंडी हिमाचल और समर्पण ग्रुप के दिव्यांग बच्चों ने भी भाग लिया। एडीसी द्वारा इन प्रतियोगिताओं के सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर जहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांग बच्चों और व्यक्तियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की गई वहीं, विभिन्न संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबको भावुक कर दिया। वहीं, इस अवसर पर जिला रैडक्रास सोसायटी की ओर से दिव्यांगों को उपकरण भी वितरित किए गए। वहीं, नवचेतना विशेष स्कूल द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने बहुत रुचि दिखाई। इस अवसर पर एसएसए के जिला समन्वयक सुरेश शर्मा, चमन लाल, सुरेंद्र शर्मा, डाईट के अन्य शिक्षक, जेबीटी प्रशिक्षु, चारू फाउंडेशन के केके धीमान, नैब संस्था की शालिनी वत्स किमटा, कार सेवा दल के मनदीप सिंह, नवचेतना के शेरूराम, हैंडी हिमाचल की श्रुति और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *