मेले व उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत …राजीव किमटा
काईस के राऊगी गांव में धूमधाम से मनाया पुनु मेला
-प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के कानूनी सलाहकार राजीव किमटा ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
कमलेश वर्मा(परी), कुल्लू, 04 दिसंबर। मेले व उत्सव हमारी पुरातन देवसंस्कृति के परिचायक हैं और मेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है। यह बात प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के कानूनी सलाहकार राजीव किमटा ने कही। वे यहां काईस क्षेत्र के राउगी गांव में आयोजित हो रहे पुनु मेले में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत है और इन्हें संजोए रखना हम सब का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि आज भी हमारी युवा पीढ़ी भी इस विरासत को आगे ले जाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी देव संस्कृति को भी संजोए हुए हंै और तभी देवभूमि की संस्कृति को बनाए रखने में देवी-देवताओं की मुख्य भूमिका है। गौर रहे कि जिला कुल्लू के राऊगी गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुनु मेला बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया।
यह मेला मार्गशीर्ष की पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किया जाता है। क्षेत्र के अधिष्ठाता देव नाग देवता के सम्मान में मनाए जाने वाले इस मेले में इस बार प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के मुख्य एवं कानूनी सलाहकार राजीव किमटा बतौर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्जवलित करके विधिवत तरीके से मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर युवा विकास मंच राऊगी के प्रधान की ओर से मुख्यातिथि का कुल्लवी परंपरानुसार शॉल व टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं, इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की प्रसिद्ध कलाकार गीता भारद्वाज ने एक से बढक़र एक हिमाचली गीत पेश करके जनता का खूब मनोरंजन करवाया। इसके अलावा कलाकार गोरा ठाकुर ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से दर्शकों को खूब झुमाया। वहीं, लोक गायक राजेंद्र वर्मा ने एक से बढक़र एक गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी और दर्शकों को नाचने पर मजबूर किया। इस अवसर ग्राम पंचायत प्रधान गुडी देवी, समस्त पंचायत सदस्य, देवता कारदार अमरनाथ व युवा विकास मंच के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बॉक्स
प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू लेखनी के साथ-साथ समाज सेवा में भी आगे…किमटा
प्रेस क्लब के कानूनी सलाहकार राजीव किमटा ने इस मौके पर कहा कि प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू लेखनी के साथ-साथ समाज सेवा के काम मे भी आगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब कुल्लू ने क्लीन हिमालय ग्रीन हिमालय अभियान भी छेड़ रखा है। उन्होंने मेले में आए सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि पश्चिमी हिमालय को साफ सुथरा व हरा भरा बनाए रखने में आप भी अपनी तरफ से सहयोग करें ताकि हमारे ग्लेशियर बच सके और नदी नालों का पानी स्वच्छ रह सके। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब ने फ्रेंडस ऑफ रिवर कार्यक्रम भी चलाया है। इस अभियान को भी कामयाब बनाने में जनता की सेवा अपेक्षित है। इस अवसर पर युवा विकास मंच राऊगी ने प्रेस क्लब कुल्लू के हर सामाजिक कार्यक्रम को सहयोग देने का आश्वासन दिया।