ड्यूटी जोइनिंग न करने पर टालमटोल करते हुए गढवाल विवि के कुलसचिव निलंबित : कुलपति

श्रीनगर गढ़वाल। मेडिकल के बीते अवकाश के बाद भी ड्यूटी जॉइन न करने पर केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के कुलसचिव डॉ. एके झा को कुलपति ने निलंबित कर दिया। सोमवार की देर शाम को उन्होंने इस संबंध में आदेश जारी कर एके झा को निलंबित करने की कार्रवाई की ।
कुलपति ने बताया कि बिना अवकाश स्वीकृति के वह ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर रहे थे। इससे विश्वविद्यालय का कार्य भी बहुत प्रभावित हो रहा था। इस मामले को लेकर कुलपति की ओर से एक जांच कमेटी भी गठित की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कुलसचिव झा को मेडिकल अवकाश के बाद बीते 23 नवंबर को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। इससे पूर्व भी वह लंबे समय तक अवकाश के नाम पर कार्यालय नहीं आए। ड्यूटी ज्वाइन करने के बजाय 22 नवंबर की रात ई मेल से अवकाश बढ़ाने की सूचना दी।
कुलपति प्रो. कौल ने कहा कि विश्वविद्यालय के एकेडेमिक ऑडिट के लिए आ रही निरीक्षण टीम की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अवकाश बढ़ाने के आवेदन को अस्वीकृत कर दिया था और उन्हें तुरंत ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा, लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की।
इसी तरह टालमटोल करते हुए उन्होंने कभी एक दिसम्बर को तो कभी दो को और फिर 4 दिसंबर को ड्यूटी ज्वाइन करने की सूचना दी, लेकिन सोमवार शाम 5 बजे तक भी जब उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की तो विश्वविद्यालय हित में और विवि कार्यों को सुचारू रूप से चलाने को लेकर उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई करनी पड़ी।