जनजातीय ज़िला लाहुल स्पीति में एक्शन करेंगे बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार
शीघ्र ही एक्शन, कट, ओके से गूंजेगी लाहुल-स्पीति की वादियां
– अक्षय की नई फ़िल्म की शूटिंग के लिए लाहुल में लोकेशन फाइनल
-लोगों को मलाल कुल्लू मनाली में होती है शूटिंग फिर क्यों फिल्म में बताया जाता है कश्मीर
-80 के दशक में कुल्लू-मनाली में होती थी बहुत सी फिल्मों की शूटिंग
-महंगी व समय पर हवाई सेवा न मिलने के कारण अब कुल्लू-मनाली आने से कतराते हैं फिल्म स्टार
कमलेश वर्मा(परी),कुल्लू,06 दिसंबर। मिनी बॉलीवुड के नाम से मशहूर मनाली में जहां मायानगरी के स्टारों का आना जाना लगा ही रहता है वहीं, अब बॉलीवुड के कुछ स्टार्स शीत रेगिस्तान जनजातीय ज़िला की तरफ भी धीरे धीरे रुख करने लगे हैं। यही कारण है कि बॉलीवुड के एक्शन हीरो अक्षय कुमार की अगली फिल्म की शूटिंग इस बार लाहुल स्पीति में होगी। इससे पहले अक्षय कुमार की कई फिल्मों की शूटिंग पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली में हुई लेकिन इस बार अक्षय कुमार अपनी फिल्म की शूटिंग मनाली की वादियों में नहीं बल्कि जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में करेंगे। यह पहला मौका होगा जब लंबे अंतराल के बाद लाहुल में बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार शूटिंग के लिए आएंगे। बताया जा रहा है कि नए साल में ही अक्षय कुमार अपनी अगली फिल्म की शूटिंग के लिए जनजातीय क्षेत्र लाहुल जाएंगे। गौर रहे कि अक्षय कुमार कई बार अपने परिवार के साथ मनाली आ चुके हैं। यही नहीं शूटिंग के दौरान भी वह मनाली में दस्तक दे चुके हैं, लेकिन इस बार फिल्म की स्क्रिप्ट की मांग के अनुसार अक्षय कुमार लाहुल में शूटिंग करेंगे। स्थानीय को-ओर्डिनेटर अनिल कायस्था ने जानकारी देते हुए बताया नए साल में अक्षय कुमार जनजातीय क्षेत्र लाहुल में शूटिंग के लिए आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाहुल में होने वाली शूटिंग को लेकर सभी लोकेशन फाइनल कर दी गई हैं। वहीं, अन्य प्रोडक्शन हाउस से बात चल रही है। वहीं उन्होंने उम्मीद जताई है कि अन्य बड़े कलाकार भी शीघ्र ही मनाली में दस्तक दे सकते हैं। गौर रहे कि इससे पहले जितनी भी शूटिंग यहां जनजातीय क्षेत्र में हुई है, वह अधिकतर लेह जाने वाले मार्ग पर हुई है। यही नहीं फिल्मों में भी लेह-लद्दाख को उसी क्षेत्र के नाम से पुकारा जाता है, लेकिन जब भी अगर कुल्लू-मनाली व अन्य क्षेत्रों में शूटिंग की जाती है तो इसे बड़े पर्दे पर दिखाने पर इस क्षेत्र का नाम ही नहीं बताया जाता। जिसको लेकर हमेशा कुल्ल-मनाली के लोगों को मलाल रहता है। लोगों का कहना है कि मनाली या इसके आसपास जिस जगह पर लंबे समय तक शूटिंग होती हैऔर जिन हसीन वादियों को कैमरे में कैद किया जाता है फिल्म बनने पर उस लोकेशन को कुल्लू-मनाली की जगह कश्मीर का नाम दिया जाता है, जिसको लेकर यहां के लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अगर कुल्लू मनाली में किसी भी फिल्म की शूटिंग होती है तो उस फिल्म में कुल्लू मनाली का ही नाम आना चाहिए ताकि जो लोग कुल्लू मनाली नहीं आये हैं वो फिल्म के माध्यम से यहां के रमणीक स्थलों को निहार सकें और पर्यटन नगरी घूमने का प्लान बनाएं, जिससे एक तो यहां के पर्यटन को चार चांद लगेंगे साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में कुल्लू मनाली का नाम और पॉपुलर होगा और ज्यादा से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग कर लिए फिल्म यूनिट यहां डेरा डालेंगी।हालांकि, 80 के दशक में और इससे पहले भी कुल्लू-मनाली में सबसे अधिक शूटिंग हुआ करती थी इससे यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता था। इसके साथ सैलानी भी बालीवुड कलाकारों को देखने के लिए मनाली घूमने के बहाने आते थे लेकिन पिछले कुछ लंबे समय से बड़े प्रोडक्शन हाउस ने आना कम कर दिया है।फिल्म की मांग के अनुसार अधिकतर फिल्म में लोकेशन कुल्लू-मनाली ही रहती है लेकिन फिर भी कई प्रोडक्शन आज के दौरे में यहां आने से कतराते हैं जिसका सबसे बड़ा कारण यहां की महंगी सेवा और साथ ही हवाई सेवा रूटीन पर न होने पर दिक्कत के चलते भी कई प्रोडक्शन हाउस आज भी यहां आने से इतराते हैं। अगर हवाई सेवा सस्ती हो जाती है तो इससे यहां पर पर्यटन कारोबार और अधिक बढ़ेगा और पूरी मायानगरी यहां शूटिंग के साथ साथ घूमने भी यहां पहुंचेगी। बहरहाल, शीघ्र ही एक्शन हीरो अक्षय कुमार अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए यहां पहुंच रहे हैं और जनजातीय ज़िला एक्शन, कट,ओके से गूंज उठेगा।
बॉक्स
जनजातीय ज़िला लाहुल स्पीति में शूटिंग के लिए एक से बढ़कर एक अच्छी लोकेशन है लेकिन 6 माह तक बर्फ के कारावास में यह जिला बन्द रहता है जिस कारण यहां पर कम ही शूटिंग होती है। लेकिन अब रोहतांग टनल बन जाने से यह जिला 12 माह खुला रहेगा और पर्यटकों के साथ साथ फिल्मों की शूटिंग के लिए भी बड़े बड़े स्टार यहां दस्तक देंगे। अब वह दिन दूर नहीं जब कुल्लू मनाली के साथ लाहुल स्पीति भी फिल्म नगरी की पहली पसंद बन जाएगी।