70 की वृद्धा को तेंदुए ने किया बुरी तरह जख्मी

अल्मोड़ा। मंगलवार की सुबह बसौली गांव निवासी 70 वर्षीय सरूली देवी को तेंदुए ने बुरी तरह घायल कर दिया। घायल सरूली देवी का पीएचसी धौलादेवी में उपचार चल रहा है। विकासखंड धौलादेवी के अन्तर्गत तेंदुए का आंतक दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहा है। मवेशियों के बाद अब वह लोगों पर भी हमला करने लग गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ ग्राम पंचायत बसौली के अन्तर्गत तोक दूलाकोट निवासी 70 वर्षीय सरूली देवी पुत्री हिम्मत सिंह आज प्रात: साढ़े 6 बजे गोठ का गोबर खेतों में डालने जा रही थी तो वहां पर घात लगाये बैठा हुआ तेंदुआ उस पर झपट पड़ा। साथ में अन्य महिलाएं भी गोबर डालने जा रही थी। अन्य महिलाओं द्वारा काफी शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। उसके नाखूनों से सरूली देवी का चेहरा और सिर पूरा लहुलुहान हो गया। ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में उपचार के लिए भेजा है।
ग्राम प्रधान मदन सिंह भैसोड़ा और एड. गोधन सिंह भैसोड़ा ने बताया कि बसौली क्षेत्र में काफी समय से तेंदुए का जबर्दस्त आतंक फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक यह कई बकरियों, गायों और बैलों को अपना ग्रास बना चुका है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो सालों से किसी भी प्रभावित पशुपालक को मुआवजा वितरित नहीं किया है। खेतों में गोबर डालने गई अनेक महिलाओं ने बताया कि तेंदुए के कई शावक भी खेतों में देखे गये हैं। जानवरों के बाद अब लोगों पर हमला करने से क्षेत्र में काफी दहशत व्याप्त हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *