अग्निकांड प्रभावित भाटकराल गांव में जागरूकता शिविर आयोजित
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 06 दिसंबर। उझी घाटी के मनाली उपमंडल के भाटकराल गांव गत देर रात आगजनी से लाखों रूपये की संपत्ति का नुकसान तो हुआ ही साथ में प्रभावित परिवारों के महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र व अन्य सरकारी दस्तावेज भी नष्ट हो गए। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्ल द्वारा अग्निकांड प्रभावितों के लिए बुधवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के दौरान अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जियालाल आजाद ने प्रभावित परिवारों को पुनः नए प्रमाण पत्र बनाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संबंधित विभागों से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों के राशन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बनाने के लिए सहयोग करें व उनका मार्गदर्शन करें। उन्होंने बताया कि पैरालीगल वालेंटियर्स को पांच दिनों के लिए गांव में तैनात किए गए हैं। ताकि वे आवश्यक प्रमाण प्रमाण पत्र बनाने में लिए प्रभावित परिवारों की मदद कर सकें। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मोहित बंसल ने भी प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।