मनाली-रोहतांग व लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों में गिरे बर्फ के फाहे, प्रदेश में ठंड से बड़ी ठिठूरन

बर्फबारी होने से एचआरटीसी की बसों को कुल्लू व केलांग में लगी ब्रेक
-मौसम साफ रहा तो रोहतांग दर्रा में एक बार फिर दौड़ेंगी निगम की बसें
कमलेश वर्मा(परी)
कुल्लू, 06 दिसंबर। पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहुल की ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई। बुधवार सुबह ही ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए जबकि घाटी बादलों से ढकी रही। पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी होने से तापमान भी लुढक़ गया है। देश-विदेश के सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे ने भी हलके बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बुधवार सुबह उंची चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और धूप खिल गई। जिसके कारण मनाली-लेह मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम द्वारा चलाई जा रही बस को भी ब्रेक लग गई। वहीं, लाहौल घाटी के बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला जोत बर्फ की सफेद चांदी से चमक उठी है जबकि नैनगार व नीलकंठ की पहाडिय़ों व लेडी ऑफ केलांग सहित समस्त ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा रोहतांग दर्रे सहित धुंधी जोत, हामटा की पहाडिय़ों, भृगु व दशौहर से लेकर चंद्रखणी जोत सहित ऊंची चोटियों में भी हल्की बर्फबारी हुई। उधर, हिमाचल परिवहन निगम कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने बताया कि ताज़ा हिमपात के चलते बुधवार को एचआरटीसी की लाहुल जाने वाली बस को कुल्लू से रवाना नही किया गया। वही, लाहुल से कुल्लू आने वाली बस को भी केलांग में ही रोक लिया गया। उन्होंने बताया कि दर्रे पर हिमपात के चलते सडक़ बर्फ से ढक गई और ठंड के कारण पानी भी सडक़ पर जम गया है ऐसे में दुर्घटना से बचने के लिए निगम ने बस सेवा को एक दिन के लिए रोक दिया। वही, उन्होंने बताया कि अगर मौसम साफ रहता है तो दोबारा लाहुल के लिए बस सेवा को बहाल किया जा सकता है ताकि लाहुल जाने वाले लोगो को सुविधा मिल सके। गौर रहे कि रोहतांग दर्रा आधिकारिक तौर पर बन्द होने के बाद भी निगम लोगो की सुविधा के लिए बसों को केलांग भेज रहा है। बस सुविधा शुरू होने से लोगो को टैक्सी में महंगे सफर से राहत मिली है। मंगल चन्द मनेपा ने बताया कि बुधवार को दर्रे पर बर्फबारी होने के चलते बस सेवा को फिलहाल बंद कर दिया गया है। अगर आने वाले दिनों में मौसम साफ रहता है तो दोबारा बस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, मौसम के एकदम करवट बदलने से कुल्लू-मनाली व लाहुल-स्पीति जिला में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम में आए इस बदलाव से समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस -6 डिग्री तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *