कांग्रेस के हंगामे के बाद गैरसैंण विधानसभा सत्र शुरू

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सत्र शुरू होने से पूर्व विधिवत हवन पूजन किया। जबकि, स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखंड की लोककला और संस्कृति के रंग में सजे कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। कांग्रेस ने राज्य में नगर निकायों की सीमा विस्तार और राजधानी के मुद्दे पर सदन की समस्त कार्यवाही को रोककर नियम 310 में चर्चा की मांग की। मांग के समर्थन में विपक्ष के सदस्यों ने कुछ देर तक शोरगुल किया। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के मुद्दों पर कार्यस्थगन में चर्चा का आश्वासन दिया। इसके बाद विपक्ष के सदस्य अपने स्थान पर बैठ गए और प्रश्नकाल शुरू हो पाया। उधर, सदन के बाहर गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर राज्य आंदोलनकारियों ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा से कुछ दूर पर ही रोक लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *