बंजार घाटी के बाहू में आग ने मचाया कहर, सदियों पुराना भवन जलकर राख

तीन मंजिला भवन में रहते थे करीब एक दर्जन परिवार
-भवन के साथ लगती गौशाला भी चढ़ी आग की भेंट
-ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पाया काबू
– शार्ट सर्किट बताया जा रहा आग का कारण,एसडीएम बंजार भी पहुंचे मौके पर
-भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी देर रात पहुंचे लोगों की मदद को
कमलेश वर्मा(परी),15 दिसंबर।ज़िला कुल्लू में आगजनी की घटनाओं ने खूब तांडव मचाया हुआ है। गुरुवार देर रात भी ज़िला कुल्लू की बंजार घाटी के बाहू में आग ने खूब कहर मचाया। आगज़नी की इस घटना में सदियों पुराना भवन जलकर पूरी तरह राख हो गया है। तीन मंजिला इस भवन में करीब एक दर्जन परिवार रहते थे। वहीं, आग की इस घटना में भवन के साथ लगती गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। उधर, आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड का वाहन लारजी से बाहू के लिए निकला लेकिन रास्ता तंग होने के कारण फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची तब तक आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों व गांव के लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया ।

वहीं, घटना का पता लगते ही एसडीएम बंजार अपूर्व देवगन भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायज़ा लिया। एसडीएम ने इस मौके पर अग्नि प्रभावित परिवारों को ढांढस देते हुए कहा कि अग्नि प्रभावितों की प्रशासन की हर संभव सहायता की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने प्रभावित परिवारों को 10-10 हज़ार रुपये की फौरी राहत देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही आग की इस घटना की सूचना मिलते ही बंजार भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी भी मौके पर पहुंचे और अग्नि प्रभावितों का दर्द साझा किया साथ ही उन्हें हर तरह की सहायता का भी आश्वासन दिया।वहीं गांव के लोगों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी जिसने देखते ही देखते भयंकर रूप धारण कर लिया और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों की संपति का नुकसान हुआ है।