कुल्लू में देश की आन-बान और शान पर कुर्बान हुए वीरों के शौर्य व बलिदान को किया याद
कुल्लू में देश की आन-बान और शान पर कुर्बान हुए वीरों के शौर्य व बलिदान को किया याद
-कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति पूर्व सैनिक लीग ने कुल्लू में धूमधाम से मनाया विजय दिवस
-कुल्लू व लाहुल-स्पीति के युवाओं के लिए खोला जाएगा वोकेशनल ट्रेंनिग सैंटर…टीएस ठाकुर
कमलेश वर्मा(परी),कुल्लू 16 दिसंबर। जिला कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति पूर्व सैनिक लीग द्वारा कुल्लू के ढालपुर स्थित पूर्व सैनिक कर्नल पृथी चंद महावीर चक्र सामुदायिक भवन में धूमधाम से विजय दिवस मनाया गया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने देश की आन-बान व शान पर कुर्बान हुए वीरों के शौर्य व बलिदान को याद करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में लगभग 200 पूर्व सैनिक मौजूद रहे। इस अवसर पर जिन योद्धाओं ने विभिन्न युद्धों में अपनी जान की कुर्बानी दी है उनकी याद में 2 मिनट का मौन रखा और सभी शहीदों देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सैनानियों को नमन किया। इसके साथ ही मौजूद सभी सैनिकों ने भिन्न-भिन्न लड़ाईयों में अपने अनुभव सबके साथ साझा किए। इस मौके पर जिला कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति लीग के चेयरमेन एवं सेवानिवृत ब्रिगेडियर टीएस ठाकुर ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पूर्व सैनिक लीग द्वारा आज यहां पर शहीद विजय दिवस मनाया गया है हालांकि प्रशासन की तरफ से इस दिवस को मनाया जाना चाहिए लेकिन सैनिकों के बार-बार अवगत करवाने के बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई आश्वासन न मिलने के बाद पूर्व सैनिक लीग हर वर्ष इस दिन को धूमधाम से मनाती है। उन्होंने कहा कि शहीदों की विधवा महिलाओं के मुद्दों को पूर्व सैनिक लीग हमेशा ही प्रमुखता से उठाती आई है और हमेशा उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक लीग के सामुदायिक भवन की ऊपरी मंजिल बनकर तैयार हो गई है और अब इस भवन में कुल्लू व लाहुल-स्पीति के युवाओं के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग सैंटर खोला जाएगा, जिसमें यहां के पढ़े-लिखे युवाओं को आर्मी, एयरफोर्स व नेवी में भर्ती होने के टिप्स व प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि यहां के युवा अधिक से अधिक फौज मेंू भर्ती होकर देश, प्रदेश व जिला का नाम रोशन करें। वहीं, इस मौके पर पूर्व सैनिक लीग का वार्षिक अधिवेशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें वर्ष 2017-18 के आय व्यय का ब्यौरा दिया गया। इस मौके पर ओआरओपी पर भी चर्चा की गई और सर्वसम्मति से केंद्र सरकार से आग्रह किया गया कि ओआरओपी को केंद्र सरकार पूर्ण रूप से अमल में लाए। इसके अतिरिक्त पूर्व लीग के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने पूर्व सैनिकों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं व मांगों का समाधान करने के लिए सरकार के समक्ष मांग रखी। इस अवसर पर पूर्व सैनिक लीग के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।