आनी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जनता गदगद,
क्ष्रेत्र विकास के लिये कई घोषणाओं की उम्मीद
कमलेश वर्मा(परी),कुल्लू 06 जनवरी।जिला कुल्लू क़े आनी में इस बार राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश की नवनियुक्त सरकार और उसके मुखिया द्वारा आनी को यह सम्मान दिया जाना बेहद सराहनीय है।जानकारी के अनुसार इस समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आना प्रस्तावित है।इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आनी के विधायक किशोरी लाल सागर व भाजपा मंडल आनी के अध्यक्ष अमर ठाकुर और उनकी समस्त टीम ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह आनी का पहला दौरा है,जिसका आनी क्षेत्र की समस्त जनता लाभ उठाना चाहती है । इस बार मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के पहले प्रस्तावित दौरे को लेकर आनी वासियों को उन से कई तोहफों की उमीद है और आनी क्षेत्र क़े लोगों को आशा है कि उनके आगमन से आनी के विकास में कई नए आयाम स्थापित होंगें। बता देंं कि इससे पहले भी आनी में पूर्व मुख्यमत्री शांता कुमार , प्रेम कुमार धूमल तथा वीरभद्र सिंह भी राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत कर चुके है। आनी में जनता को मुख्यमंत्री से जिन जायज माँगों की आस है,उनमे आनी को बस डिपो, मेला मैदान की दशा सुधारने और सौन्दर्यकरण,आनी में बहुमंजिला पार्किंग, सिविल सप्लाई का पेट्रोल पंप,मिनी सचिवालय व पुस्तकालय आनी को नगर पंचायत का दर्जा ,आनी तहसील मुख्यालय में बेहतर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट , देव सदन-सामुदायिक भवन, ग्रामीण सड़कों की हालत में सुधार, आनी के अस्पताल में विशेषज्ञों चिकत्सकों की नियुक्ति , जलोड़ी से घीयगी सुरंग आदि मांगे प्रमुख है।