कुल्लवी नाटी प्रतियोगिता पर बामतट की महिलाओं का कब्जा
-झांकी में महिला मंडल गोजरा प्रथम, महिला मंडल मथियाना-कौशला फैशन शो में प्रथम
कमलेश वर्मा(परी),कुल्लू, 06 जनवरी। सातवें राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल में माल रोड़ पर आयोजित कुल्लवी नाटी प्रतियोगिता पर वामतट मार्ग की महिलाओं ने कब्जा कर लिया हैं। कार्निवाज कमेटी ने इन्हें एक लाख रूपए नगद इनाम देकर सम्मानित किया। राइट बैंक और लैफ्ट बैंक की महिलाओं के बीच हुई इस प्रतियोगिता में दोनों टीमों की लगभग 70 से अधिक महिला मंडलों ने भाग लिया। कार्निवाल के अलावा क्रिसमस संध्या सहित न्यू ईयर के दिन भी इन महिलाओं ने माल रोड में नाटी डालकर दर्शकों को कुल्लवी संस्कृति से रूबरू करवाया। पहले दिन निकाली गई कार्निवाल परेड में महिला मंडल गोजरा की झांकी सबसे बेहतर रही है। उन्होंने सौ से अधिक महिला मंडलों को पछाड़ कर झांकी प्रतियोगिता को अपने नाम किया है। लक्ष्मी महिला मंडल कन्याल दूसरे और नील कंठ महिला मंडल रामपुर तीसरे स्थान पर रहे है। कार्निवाल परेड में कुल्लू की प्राचीन संस्कृति की झलक देखने को मिली। महिला मंडलों ने इस बार परेड में बढ चढकर भाग लिया जिससे महिला मंडलों का संख्या 100 के पार हो गई थी। वृद्ध महिलाएं हाथ में बैनर व संदेश लिए जब कार्निवाल परेड में शामिल हुई तो पर्यटक भी हैरान रह गए। पहाड़ी राज्यों के दूर दराज क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा बेहतरीन थीम के साथ निकाली गई झांकियों ने देश भर से मनाली आए पर्यटकों को खासा प्रभावित किया। अधिकतर महिलाओं ने देशी दियाली, माघा रा साजा, पारंपरिक व्यंजन, साक्षरता अभियान, हौरन व पारंपरिक नृत्य, कुल्लवी वेश भूषा, बिना दहेज के शादी, विलुप्त होते आनाज, स्वच्छता अभियान, जच्चा बच्चा जननी सुरक्षा योजना, पर्यावरण संरक्षण, पौधा रोपण, वन बचाओ, खेती से संपन्नता की ओर, विलुप्त होती जड़ी बूटी, नारी सशक्तिकरण, गुडिय़ा हत्याकांड, पुरानी संस्कृति आधारित थिम पर झांकी प्रस्तुत कर समा बांधा। दूसरी ओर मनु रंगशाला में 5 दिन महिला मंडलों ने फैशन के खूब जलबे बिखेरे। कार्निवाल में महिला मंडलों के लिए फैशन शो अलग से प्रतियोगिता में शामिल किया था। इस प्रतियोगिता में महिला मंडल मथियाना-कौशला ने फैशन के बेहतरीन जलवे बिखेर कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे व तीसरे स्थान पर मनाली गांव का कब्जा रहा। मनु महिला मंडल मनाली को दूसरा जबकि दुर्गा महिला मंडल मनाली को तीसरा स्थान मिला।