फर्जी वोटर आइडी कार्ड मामले में चुनाव आयोग से मिलेगा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्‍ली । कर्नाटक चुनाव को लेकर प्रचार और रैलियों में तमाम पार्टियों के शोर-शराबे के बीच 10 हजार फर्जी वोटर आइडी कार्ड मिलने से नया मोड़ आ गया है। इस घटना के बाद कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता आनंद शर्मा और मोतीलाल वोरा की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चुनाव आयोग से मिलेंगा।

बता दें कि 10 हजार फर्जी वोटर आइडी कार्ड बेंगलुरु के जालहल्ली इलाके के एसेल वी पार्क व्यू अपार्टमेंट से मिले हैं। चुनाव आयोग इसे बेहद गंभीर मामला बताया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। सूत्रों के अनुसार, यह फ्लैट मंजुला नंजामुरी के नाम पर है और फिलहाल इसमें राकेश नामक युवक किराए पर रहता है। बताया जा रहा है कि वह एक चुनावी उम्मीदवार का करीबी है।

मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार ने कहा, ‘फ्लैट से जब्त किए मतदाता पहचान पत्र में 9746 कार्ड असली लग रहे हैं, उन्हें छोटे पैकेट में रखा गया है और उन पर पता और नाम दर्ज है। पुलिस इलाके में सुरक्षा प्रदान कर रही है। उचित समय पर कार्रवाई की जाएगी। अगले 24 घंटों में हमें और तथ्य पता चलेंगे और हम उसी आधार पर उचित फैसला लेंगे। एफआइआर दर्ज कर दी गई है और मामले की जांच की जाएगी। मामले पर चुनाव आयोग ने करीबी नजर बना रखी है।’ संजीव कुमार ने बताया कि उस फ्लैट में पांच लैपटॉप और प्रिंटर भी थे। इसके अलावा 2 स्टील ट्रंक भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *