पाक PM इमरान खान का असली चेहरा आया सामने: भारत
पाकिस्तान के अनुरोध को स्वीकार करने के एक दिन बाद भारत ने पाक विदेश मंत्री से मुलाकात को रद्द कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि हालिया आतंकी घटनाओं को देखते हुए विदेश मंत्री स्तर पर होने वाली वार्ता रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान का असली चेहरा सामने आ गया है।
यह मुलाकात विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) सम्मेलन में होनी थी। इसी के साथ करतारपुर कॉरिडोर मामला भी लटक गया। रवीश कुमार ने वीरवार को सूचित किया था कि पाकिस्तान सरकार के अनुरोध पर भारत मीटिंग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा था कि सीमा पार आंतकवाद पर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बातचीत और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते। रवीश कुमार ने कहा था कि बीएसएफ के जवान की हत्या बहुत ही जघन्य घटना है। पाकिस्तान के सामने इस मुद्दे पर उचित फोरम में भारत बात रखेगा।
बता दें कि पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर दोनों देशों के बीच फिर से बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने लिखा था कि आतंकवाद पर बात करने के लिए पाकिस्तान अभी भी तैयार है। व्यापार, जनता से जनता का संपर्क, धार्मिक यात्राएं और कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। भारत और पाकिस्तान, दोनों शांति की इच्छा रखते हैं और इसके लिए मैं विदेश मंत्रियों की वार्ता का प्रस्ताव रखता हूं।