सात अजूबों में से एक भारत में, फिर भी इस लिस्‍ट में पिछड़ा

हर साल 27 सितंबर को वर्ल्‍ड टूरिज्‍म डे मनाया जाता है। पर्यटन को बढ़ावा देने और अपनी संस्‍कृति को समझाने के उद्देश्‍य से तमाम देशों ने विदेशी सैलानियों के लिए अपने द्वार खोले हैं। टूरिस्‍ट वीजा की शर्तों को भी आसान किया गया है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को लुभा सकें। पर्यटन स्‍थलों के रास्‍ते देश की अर्थव्‍यवस्‍था भी मजबूत होती है। हालांकि आपको यह जानकार आश्‍चर्य होगा कि अप्रतिम खूबसूरती को समेटने के बावजूद भारत विदेशी सैलानियों को लुभाने में दूसरे देशों से काफी पीछे है।

यूनाइटेड नेशंस की संस्‍था जारी करती है वर्ल्‍ड टूरिज्‍म रैंकिंग
किसी देश में विदेशी सैलानियों के पहुंचने के आधार पर यूनाइटेड नेशन्‍स वर्ल्‍ड टूरिज्‍म ऑर्गेनाइजेशन संस्‍था साल में तीन बार दुनिया के टॉप 10 टूरिस्‍ट कंट्रीज की लिस्‍ट जारी करती है। विदेशी सैलानियों के पहुंचने की संख्‍या और देश को पर्यटन से प्राप्‍त आय के आधार पर यह सूची तैयार की जाती है। 2016 में पर्यटकों के आगमन में 2.1 फीसद की गिरावट के बावजूद इस साल दुनिया के बेहतरीन पर्यटन स्‍थलों की सूची में फ्रांस पहले नंबर पर रहा। हालांकि 2017 में इस आंकड़े में 5.1 फीसद की बढ़ोतरी हुई। वहीं भारत के लिए एक अच्‍छी बात यह है कि पर्यटन से प्राप्‍त आय की सूची में यह एशिया पैसिफिक रीजन के देशों में टॉप टेन में सातवां स्‍थान रखता है। 2017 में भारत को पर्यटन से करीब 27 हजार 365 मिलियन यूएस डॉलर प्राप्‍त हुए।

इन देशों में आते हैं सबसे अधिक पर्यटक
2017 में जारी की गई यूनाइटेड नेशंस वर्ल्‍ड टूरिज्‍म ऑर्गेनाइजेशन की लिस्‍ट के अनुसार दुनिया में सबसे ज्‍यादा घूमे जानेवाले देशों की लिस्‍ट में दसवें नंबर पर थाइलैंड तो पहले नंबर है फ्रांस। जानिए टॉप टेन की इस सूची में और कौन से देश शामिल हैं:

10 थाइलैंड

पर्यटकों के पहुंचने की संख्‍या के आधार पर दुनियाभर के देशों में दसवें नंबर पर थाइलैंड है। 2017 में यहां करीब 3 करोड़ 54 लाख विदेशी पर्यटक आए। 2016 की तुलना में इस संख्‍या में 8.6 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। 2016 में करीब 3 करोड़ 26 लाख लोगों ने थाइलैंड की खूबसूरती देखी। थाइलैंड दक्षिण एशिया में स्‍थित देश है। बैंकाक यहां की राजधानी है। थाई यहां की आधिकारिक भाषा है, जबकि थाई बहत करंसी में लोग कारोबार करते हैं। थाइलैंड की जीडीपी में पर्यटन का बहुत बड़ा योगदान है। गूगल के अनुसार, नई दिल्‍ली से थाइलैंड की दूरी करीब 4168 किलोमीटर है। भूटान और म्‍यांमार के रास्‍ते यहां पहुंचा जा सकता है।

09 जर्मनी

सूची में नौवें नंबर पर है जर्मनी। 2017 में यहां करीब 3 करोड़ 75 लाख विदेशी पर्यटक आए। 2016 में यह संख्‍या करीब 3 करोड़ 56 लाख थी। 2017 में आंकड़े में 5.2 फीसद की बढ़ोतरी हुई। जर्मनी यूरोप महादेश में स्‍थित है। बर्लिन यहां की राजधानी है। जर्मन इस देश की ऑफिसियल लैंग्‍वेज है, जबकि यूरो यहां की करंसी है। नई दिल्‍ली से जर्मनी की दूरी करीब 5779 किलोमीटर है।

08 टर्की

आठवें नंबर पर आता है टर्की। 2017 में करीब 3 करोड़ 76 लाख विदेशी पर्यटक टर्की आए। 2016 में यह संख्‍या करीब 3 करोड़ 3 लाख थी। सबसे अधिक फायदा टर्की को ही पर्यटन में हुआ। 24.1 फीसद बढ़ोतरी 2017 में पर्यटकों की संख्‍या में दर्ज की गई। टर्की की सीमाएं पूर्वी यूरोप और पश्‍िचमी एशिया को छूती हैं। इसलिए इसे यूरेशिया के अधीन भी कहा जाता है। अपनी संस्‍कृति, इतिहास और स्‍पा के कारण्‍ा भी टर्की फेवरेट टूरिस्‍ट स्‍पॉट में से एक है। यहां की राजधानी अंकारा है। फ्लाइट से नई दिल्‍ली से टर्की जाने में करीब 6 घंटे 45 मिनट का समय लगता है। टर्कीश लीरा यहां की करंसी है। टर्कीश भाषा में इस देश के लोग बातचीत करते हैं।

07 यूनाइटेड किंगडम

यूके या यूनाइटेड किंगडम दुनिया के सबसे ज्‍यादा घूमे जाने वाले देशों की सूची में 2017 में सातवें नंबर पर रहा। इस साल करीब 3 करोड़ 77 लाख विदेशी पर्यटक यूके आए। 2016 की तुलना में यह वृद्धि 5.1 फीसद थी। तब करीब 3 करोड़ 58 लाख लोग यहां पहुंचे थे। यूके भी यूरोप में स्‍थित है। लंदन यहां की राजधानी है। नई दिल्‍ली से यहां पहुंचने में आपको करीब नौ घंटे 10 मिनट फ्लाइट में बिताने होंगे। इंग्‍लिश यहां की भाषा है। पौंड इस देश की करंसी है। यहां खरीदारी के लिए अमेरिका से पहुंचनेवालों की संख्‍या सर्वाधिक होती है।

06 मेक्‍सिको

सूची में छठे नंबर पर है मेक्‍सिको। यूनाइटेड स्‍टेट्स और सेंट्रल अमेरिका के बीच उत्‍तरी अमेरिका महादेश में स्‍थित इस देश में पर्यटन एक बड़ा उद्योग है। मेक्‍िसकन सरकार इस देश को धुआं या चिमनी रहित देश के रूप में प्रचारित करती है, ताकि अधिक से अधिक लोग यहां पहुंच सकें। इसका फायदा भी देश को मिलता है। 2017 में 3 करोड़ 93 लाख विदेशी पर्यटक मेक्‍सिको आए थे। 2016 में यह आंकड़ा करीब 3 करोड़ 51 लाख था। 2017 में 12 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई। मेक्‍सिको सिटी यहां की राजधानी जबकि पेसो यहां की करंसी है। यहां की आधिकारिक भाषा कोई नहीं है, लेकिन स्‍पेनिश भाषा में लोग बातचीत करते हैं। नई दिल्‍ली से आप मेक्‍सिको पहुंचना चाहें तो 27 घंटे से अधिक फ्लाइट में बिताने होंगे।

05 इटली

पांचवें नंबर पर है यूरोपियन देश इटली। दुनिया में इस देश की पहचान सबसे लंबे द्विपीय तट वाले देश के रूप में है। रोम यहां की राजधानी है। वेनिस, फ्लोरेंस, पीसा जैसे कई खूबसूरत शहर इस देश में हैं। मूलत: यहां की समृद्ध संस्‍कृति, फैशन, कला, इतिहास को समझने पूरे साल पर्यटक यहां पहुंचते हैं। यहां दूर-दूर तक फैले पहाड़ और प्राचीन इमारतें लोगों का मन मोहती हैं। 2017 में करीब 5 करोड़ 83 लाख पर्यटक इटली पहुंचे थे। 2016 में यह आंकड़ा 5 करोड़ 24 लाख था। साल भर में 11.2 फीसद की वृद्धि हुई। इटली की करंसी यूरो है। इटैलियन भाषा में लोग बातचीत करते हैं। नई दिल्‍ली से यहां पहुंचने में आपको करीब आठ घंटे 20 मिनट फ्लाइट में बिताने होंगे। भारत के रेस्टोरेंट में भी इटैलियन फूड खूब प्रसिद्ध है।

04 चीन

भारत से सटा देश चीन विश्‍व पर्यटन की सूची में चौथा स्‍थान रखता है। चीनी उत्‍पादों का बहुत बड़ा बाजार भारत है। इस देश में 14 हजार किलोमीटर से लंबे कोस्‍टलाइन में पहाड़, रेगिस्‍तान, झील जैसे कई खूबसूरत नजारे हैं। चीन में पर्यटन जाना माना उद्योग है। बीजिंग यहां की राजधानी है। चीन की आधिकारिक भाषा चाइनीज दुनिया की सबसे मुश्‍किल भाषा समझी जाती है। 6 करोड़ 7 लाख पर्यटक 2017 में चीन घूमने पहुंचे थे। इससे पहले 2016 में 5 करोड़ 93 लाख लोगों ने यहां की खूबसूरती देखी। 2017 में 2.5 फीसद बढ़ोतरी पर्यटकों की संख्‍या में हुई। अगर नई दिल्‍ली से चीन जाने का मन बना रहे हैं तो करीब 6 घंटे 5 मिनट फ्लाइट में गुजारने होंगे। रेनमिन्‍बी यहां की करंसी है। यूआन इस करंसी की बेसिक यूनिट है।

03 यूनाइटेड स्‍टेट्स

किसी भारतीय के जेहन में अगर पहली बार विदेश घूमने का ख्‍याल आए तो आमतौर पर सबसे पहले अमेरिका का ही नाम आता है। यूनाइटेड स्‍टेट्स ऑफ अमेरिका या यूएसए नॉर्थ अमेरिका का एक देश है। वाशिंगटन डीसी यहां की राजधानी है। कोई देश कितना मजबूत है, यह इससे भी आंका जाता है कि अमेरिका से उसके संबंध कैसे हैं। हर साल करोड़ों पर्यटक यूएसए पहुंचते हैं। खूबसूरत नजारे, ऐतिहासिक लैंडमार्क यहां की यूएसपी है। 2016 में करीब 7 करोड़ 56 लाख पर्यटक यूएसए पहुंचे थे। स्‍टैच्‍यू ऑफ लिबर्टी को देखने दुनिया भर से लोग अमेरिका पहुंचते हैं। नई दिल्‍ली से अगर आप यूएसए जा रहे हैं तो 15 घंटे से अधिक समय फ्लाइट में गुजरेगा। इंग्‍लिश यहां की ऑफिशियल लैंग्‍वेज है। यूएएस डॉलर देश की करंसी है।

02 स्‍पेन

दूसरे नंबर पर आता है खूबसूरत देश स्‍पेन। उद्योग और कारोबार (मुख्‍यत: बैंकिंग) के बाद तीसरे नंबर पर पर्यटन का देश की अर्थव्‍यवस्‍था में बड़ा योगदान है। देश की जीडीपी में करीब 10 से 11 प्रतिशत हिस्‍सेदारी पर्यटन की है। 2017 में 8 करोड़ 18 लाख पर्यटक स्‍पेन आए थे। इससे पहले 2016 में करीब 7 करोड़ 56 लाख पर्यटक पहुंचे। खास तौर से गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए स्‍पेन पहुंचनेवालों की संख्‍या कहीं अधिक होती है। यूरोप के इस खूबसूरत देश में बर्सिलोना, मैड्रिड जैसे कई खूबसूरत शहर हैं। फुटबॉल के प्रति अपने प्रेम के लिए भी देश खासा लोकप्रिय है। नई दिल्‍ली में अगर आप स्‍पेन जा रहे हैं तो 10 घंटे की जर्नी फ्लाइअ से करनी होगी। मैड्रिड इस देश की राजधानी है। आर्ट, कल्‍चर, इमारतें, बीच, पार्टी और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए खास तौर पर यह देश जाना जाता है। देश में लोग स्‍पेनिश भाषा बोलते हैं। यूरो यहां की करंसी है।

01 फ्रांस

लिस्‍ट में पहले नंबर पर है फ्रांस। पश्‍चिमी यूरोप में दो ओर समुद्र से घिरे इस देश की खूबसूरती भी बीच हैं। पेरिस इस देश की राजधानी है। फैशन हाउस, क्‍लासिकल आर्ट, म्‍यूजियम आदि के लिए देश में पर्यटक खिंचे चले आते हैं। देश की जीडीपी (ग्रॉस डोमेस्‍टिक प्रोडक्‍ट) में 77.7 बिलियन यूरो की हिस्‍सेदारी पर्यटन की है। इसमें करीब 30 फीसद विदेशी पर्यटकों से प्राप्‍त होता है, जबकि 70 फीसद आय घरेलू पर्यटकों से होती है। देश में करीब 29 लाख लोगों के रोजगार की वजह पर्यटन ही है। 2017 में सर्वाधिक 8 करोड़ 69 लाख पर्यटकों ने फ्रांस का रूख किया, जबकि 2016 में यहां 8 करोड़ 27 लाख लोग आए थे। विश्‍व प्रसिद्ध एफिल टावर इसी देश में है। नई दिल्‍ली से फ्रांस जाने में 9 घंटे से अधिक समय फ्लाइट में गुजरता है। यूरो इस देश की करंसी है, जबकि फ्रेंच ऑफिशियल लैंग्‍वेज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *