खोई फॉर्म को वापस पाने के लिए घरेलू क्रिकेट का रुख करे धोनी : सुनील गावस्कर

भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर का मानना है कि महेंद्र सिंह धौनी को दोबारा फॉर्म हासिल करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में धौनी ने 17 गेंदों में मात्र 8 रन ही बनाए थे। इस टूर्नामेंट में धौनी तीन पारियों में सिर्फ 41 रन ही बना सके हैं।
एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा, “धौनी को जब भी मौका मिले उन्हें घरेलू क्रिकेट में जाकर खेलना चाहिए। कई खिलाड़ी इससे पहले भी अपनी खोई फॉर्म को वापस पाने के लिए घरेलू क्रिकेट का रुख कर चुके हैं।”
गावस्कर ने कहा, “धौनी को घरेलू क्रिकेट में चार दिवसीय मैचों में भी झारखंड की तरफ से खेलना चाहिए। ऐसा करने से झारखंड के युवा बच्चों को भी बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।”
सुनील गावस्कर ने कहा, “मुझे पता है कि धौनी झारखंड की टीम में मेंटर हैं। वो युवाओं के साथ बातचीत करते हैं लेकिन धौनी के साथ खेलने से उन्हें बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा। 50 ओवरों के क्रिकेट में खिलाड़ी के पास कम मौके होते हैं, लेकिन चार दिवसीय क्रिकेट खेलने से धौनी अपना स्टेमिना और फॉर्म वापस पा सकते हैं।”
धौनी ने आईपीएल 2018 में 16 मैचों में 455 रन बनाए थे लेकिन वह अपनी इस फॉर्म को टीम इंडिया के लिए बरकरार नहीं रख पाए। इंग्लैंड दौरे पर वह दो पारियों में 37 और 42 के ही स्कोर बना पाए और अब एशिया कप की तीन पारियों में भी वह 0, 33 और 8 रन के ही स्कोर बना पाए हैं।