टेस्ट में No.1 पर बरकरार विराट कोहली, कुलदीप और जडेजा ने मारी लंबी छलांग

वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 139 रन की पारी खेलने वाले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली रैंकिंग में नंबर वन पर कायम हैं। हैदराबाद में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के दौरान आईसीसी ने शुक्रवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। इसमें विराट कोहली अपने सबसे ज्यादा 937 रेटिंग पॉइंट से एक अंक नीचे आ गए हैं, लेकिन फिर भी टॉप पर मौजूद हैं।

भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से मात दी थी। इसमें बल्लेबाजों का सबसे बड़ा योगदान रहा। डेब्यू मैच में शतक मारने वाले पृथ्वी शॉ ने 73वें स्थान के साथ बल्लेबाजी रैंकिंग में प्रवेश किया। इसके साथ ही राजकोट में नाबाद 100 रन बनाने वाले रवींद्र जडेजा को छह स्थान का फायदा हुआ और वो 51वें नंबर पर आ गए हैं।

जडेजा ने इस मैच में 4 विकेट भी हासिल किए जिसके दम पर वो ऑलराउंडर की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। वो पहले स्थान पर मौजूद शाकिब अल हसन से सिर्फ तीन रेटिंग पॉइंट पीछे हैं। वहीं टेस्ट के टॉप गेंदबाजों की बात करें तो इसमें जडेजा टॉप पांच में मौजूद हैं। वो चौथे स्थान पर हैं। वहीं राजकोट में दूसरी पारी में 5 विकेट झटकने वाले कुलदीप यादव 16 स्थान के सुधार के साथ 52वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *