राहुल गांधी का हो रहा था इंतज़ार, पहली सूची में 80 लोगों के नाम
भोपाल। मध्यप्रदेश प्रदेश में चुनाव को ज्यादा समय नहीं बचा है। कई दलों ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुनावी बिगुल भी फूंक दिया है तो वहीं मुख्य दल बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे की सूची की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि बृहस्पतिवार को कांग्रेस की पहली सूची देर रात तक जारी कर दी जाएगी। सूची को लेकर दिल्ली में सोनिया गांधी के घर पर अहम बैठक हो रही हैं हैं।
चुनाव में कहा जाता है कि जो पहले लिस्ट जारी करता है वही बाजी मारता हैं। बीजेपी में जहाँ उम्मीदवार के नामों पर मंथन ही चल रहा है वही कांग्रेस बाजी मारती नजर आ रही है। 28 नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस ने लगभग सभी नाम तय कर लिए हैं। इसको लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के निवास पर बुधवार को शाम को शुरू हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत मध्यप्रदेश के दिग्गज नेता मौजूद हैं। इस बैठक के बाद 80 नामों को जारी किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक देर रात तक पहली सूची जारी की जा सकती है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मालवा-निमाड़ दौरे से लौटने का इंतजार किया जा रहा था। वे मंगलवार रात को दिल्ली पहुंच गए। इसके साथ ही कांग्रेस की स्क्रीनिंग की बैठक हुई जिसमें लगभग सभी नामों पर विचार कर लिया गया। जबकि एक नाम का ही पैनल तैयार किया गया है। मंगलवार रात को ही स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में समिति के अध्यक्ष कमलनाथ, अजय सिंह, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार को रात तक कांग्रेस कमेटी मध्यप्रदेश के अपने प्रत्याशियों के नामों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। क्योंकि मध्यप्रदेश में दो नवंबर से नामांकन भरने का भी काम शुरू हो जाएगा। कांग्रेस की केंद्रीय समिति की तीसरी बैठक हो रही है। इसमें पहले से तय किए गए कई नामों पर मुहर लग जाएगी।
एक-दूसरे की पहली सूची का इंतजार
इधर, खबर है कि दोनों ही दल एक-दूसरे की पहली सूची का इंतजार कर रहे हैं। जबकि दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का चयन लगभग तय कर लिया है। कांग्रेस पहले बीजेपी की पहली लिस्ट जारी होने का इंतजार कर रही है।
भाजपा की सूची फाइनल, कल जारी होगी
मध्यप्रदेश में चुनाव से पहले उम्मीदवारों की सूची में अब तक सारे नामों पर मोहर लग गई है। चुनाव समिति के सदस्य ने इसका खुलासा किया है। पहली सूची दो नवंबर को जारी होने की संभावना है।
इससे पहले, चुनाव समिति के सदस्य कृष्ण मुरारी मोघे ने सोमवार भोपाल में कहा था कि मध्यप्रदेश स्तर पर अब कोई भी बैठक नहीं होगी। सभी 230 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हो चुकी है। पैनल बनाकर इन नामों को केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेज दिया गया है। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री क्षेत्रवार नेताओं से चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने पहली बैठक में ही सभी नाम तय कर लिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक पहली सूची में 170 नाम जारी किए जा सकते हैं। इसमें 5 मंत्री और 60 विधायकों के नाम काटे जाने के संकेत मिले हैं। ऐसे भी संकेत मिल रहे हैं कि इस बार बुंदेलखंड के ज्यादातर विधायकों को बदलकर नए नाम सामने आ सकते हैं।