लाडलों का करियर बनाने में जुटे बीजेपी के दिग्गज

भोपाल। बीजेपी का गढ़ बचाने से ज्यादा इस बार दिग्गजों का ध्यान अपने लाडलों का करियर बनाने में ज्यादा लगा हुआ है। यही कारण है चुनाव सर पर है और बीजेपी नामों के चयन में अटकी है। भाजपा में दिग्गज नेताओं के पुत्रों को लेकर पेच फंसा हुआ है। दोनों ही पार्टी यह तय नहीं कर पा रहीं हैं कि कितने नेता पुत्रों को मैदान में उतारा जाए। अधिकांश सीटों पर नाम फाइनल हो चुके हैं, लेकिन नेताओं के अपने पुत्रों और परिजनों के लिए टिकट मांगने के कारण कुछ सीटों पर असमंजस की स्थिति है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार देर रात केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए थे। इससे पहले दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और दूसरे केंद्रीय नेताओं के साथ हुई बैठक में भी नेता पुत्रों को लेकर कोई हल नहीं निकल पाया।

शाह साफ कर चुके हैं कि एक परिवार से एक ही सदस्य को टिकट मिलेगा और वह भी जिताऊ की शर्त पर।

बीजेपी से कौन-कौन है कतार में
भाजपा में कुछ नेता पुत्रों के लिए भीतरखाने से नाम आगे बढ़ाए गए हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र देवेंद्र प्रताप रामू, प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल, गणेश सिंह के भाई उमेश प्रताप, रुस्तम सिंह के पुत्र राकेश, इंदौर महापौर मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्य का नाम शामिल है।
भाजपा नेताओं का पुत्रमोह:-
1. गौरीशंकर शेजवार (वन मंत्री) : वे सांची सीट से पुत्र मुदित को टिकट दिलाना चाहते हैं, लेकिन पार्टी उन्हें ही टिकट देना चाहती है।
2. जयंत मलैया (वित्तमंत्री): वे पुत्र सिद्धार्थ के लिए दमोह से प्रयास कर रहे हैं। पार्टी जयंत को ही जिताऊ मानती है।
3. गौरीशंकर बिसेन (कृषि मंत्री) : वे बेटी मौसम को टिकट दिलाना चाहते हैं। इसका सांसद बोधसिंह भगत ने खुलकर विरोध किया है।
4. ज्ञानसिंह (सांसद) : वे अपने पुत्र शिवनारायण को फिर खड़ा करने के पक्ष में हैं। पार्टी ज्ञान को लड़ाना चाहती है।
5. कैलाश विजयवर्गीय (महासचिव) : वे महू से बेटे आकाशको उतारना चाहते हैं पर संगठन कैलाश को टिकट देने के पक्ष में है।
6. लक्ष्मीनारायण यादव (सांसद) : वे खुद के साथ अपने पुत्र सुधीर यादव के लिए भी टिकट की मांग रहे हैं।
7. सुमित्रा महाजन (स्पीकर) : ताई ने बेटे मंदार के लिए टिकट मांगा है, इंदौर की सीटों पर पहले ही दावेदार ज्यादा हैं।
8. फग्गन सिंह कुलस्ते (सांसद) : इन्होंने अपने दामाद संजय कुसराम के लिए बिछिया सीट से टिकट मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *