मध्य प्रदेश: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, इन 155 उम्मीदवारों पर खेला दांव

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. शुक्रवार को टिकट बंटवारे को लेकर हुई चर्चा के बाद कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 155 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है.

कांग्रेस की इस लिस्ट में 22 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जय वर्धन सिंह को गुना जिले के अंतर्गत आने वाली पारंपरिक विधान सभा सीट राघोगढ़ से टिकट मिला है.

155 उम्मीदवारों की इस लिस्ट में अर्जुन सिंह के बेटे को चूरहट से टिकट मिला है. वहीं, झाबुआ से सांसद कांतिलाल भूरिया के भाई विक्रांत भूरिया को टिकट मिला है. इसके अलावा युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी को कालापीपल से और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को भोजपुर से टिकट मिला है.

काफी समय से मध्य प्रदेश कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर मंथन चल रहा था. यहां तक कि गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के भिड़ने की भी खबर थी. इस बीच, अब कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है.

इससे पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जारी 177 उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें सिर्फ 16 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया. 177 उम्मीदवारों की सूची में कुछ ऐसी महिला विधायक हैं जिनके टिकट काट कर पुरुषों को दिए गए हैं. शुक्रवार को जारी सूची में लगभग 8 महिला विधायकों के टिकट काटे गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *