सरकार किसानों को शहर का मजदूर बनाना चाहती है : भंवर साहब
उमा शंकर तिवारी
सीधी। सरकार जनता के हित वाले काम करने के लिए बनाई जाती है। जब सरकार पैसे कमाने के बारे में सोचेगी तो जनता कहां जाएगी। लेकिन जनता के लिए काम करने के बजाय, सरकार का ध्यान पैसे कमाने में हैं। यह बात केके सिंह ने कही।
रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में सीधी विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी केके सिंह भंवर साहब सरकार की नीतियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जमीन हथिया कर कारपोरेट के हांथों में दे रही है। सरकार को किसानों के स्वाभिमान से कोई सरोकार नहीं है। वो किसानों को शहर का मजदूर बनाने में अमादा है। आसपास के इलाकों की उपजाऊ जमीन कारपोरेट को औने पौने दाम में बांट दी है। कल तक जो किसान अपने घर में खेत का मालिक बनकर ठाठ से रहता था, आज उसे शहर में चौकीदारी करनी पड़ती है। क्या सरकार इसी को विकास कहती है।
भंवर साहब ने बताया कि पिछले एक महीने में उन्होंने सीधी क्षेत्र के दो तिहाई व गोपद बनास के एक तिहाई इलाकों का भ्रमण किया। इन इलाकों में आज भी लोग बीस साल पीछे है। विकास के नाम पर सड़क बना दी है। बिजली के खंभे है पर बिजली नहीं। पानी के हैंडपंप में पानी नहीं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि बिजली के बिल के नाम पर जनता से अवैध वसूली हो रही है। लोगों के 80-80 हजार बिल आ रहे हैं। जमा न करने पर विभाग जेल में डालने की धमकी देता है। क्या हमें ऐसी सरकार की जरूरत है।
भंवर साहब ने बताया कि जल्द ही वो अपना घोषणा पत्र जारी करेंगे। जिसमें बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अच्छी शिक्षा को प्रमुखता देंगे। उन्होंने बताया कि गोपद बनास सीट से वो दो बार विधायक रह चुके हैं। उनके समय में किये गए विकास कार्य आज भी जनता के लिए किए गए उनके कामों को बताती है। क्षेत्र की जनता से उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है जो 11 दिसम्बर को सबके सामने आ जायेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य बड़े नेता जल्द चुनाव प्रचार के लिए सीधी आएंगे। पत्रकार वार्ता में उनके साथ रणजीत सिंह राणा व पार्टी के अन्य सदस्य मौजूद थे।