कांग्रेस को झूठ बोलने की जबरदस्त प्रैक्टिस, तो नेता सपने बेच ठगी करने वाले सौदागर : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाय को लेकर कांग्रेस करारा हमला बोला है. पीएम ने कहा, ‘मध्य प्रदेश के घोषणा पत्र में तो कांग्रेस पार्टी गाय माता का गौरवगान कर रही है, लेकिन केरल में खुले आम रास्ते पर कांग्रेस के लोग गाय के बछड़े का सिर काटकर मांस खाते हुए अपनी तस्वीर निकालकर कहते हैं कि गौ-मांस खाना हमारा अधिकार है.’

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश की आजादी से अब तक कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलने की इतनी जबरदस्त प्रैक्टिस की है कि उनको अब झूठ बोलने और झूठ फैलाने में महारत हासिल हो गई है. कांग्रेस पार्टी के नेता सपने बेचकर ठगी करने वाले सौदागर है, ये जनता को गुमराह करने वाले लोग हैं. धोखा करना कांग्रेस पार्टी के स्वाभाव में है. इसलिए देश की जनता इस पर विश्वास करने वाली नहीं है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कहते हैं, ‘गुंडा चलेगा, बेईमान चलेगा और भ्रष्टचारी चलेगा….मुझे कोई भी उमीदवार चलेगा….बस जीतने वाला चाहिए. पीएम मोदी ने जनता से सवाल किया कि जिन लोगों ने गुंडा, बेईमान, भ्रष्टाचार उम्मीदवारों को चुना है, क्या ऐसे लोगों के हाथ में मध्य प्रदेश देना चाहिए?’

आलोचना करने वाली कांग्रेस पर पीएम का पलटवार
पीएम मोदी ने अपनी आलोचना करने वाली कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर जबरदस्त पलटवार किया है. उन्होंने कहा, ‘हिंदी और इंग्लिश के शब्दकोश में जितनी भी गालियां है, कांग्रेस पार्टी के नेता मोदी पर चिपकाने पर लगे हुए हैं. चाय वाले को गाली, पकोड़े वाले को गाली, चौकीदार को गाली, आदिवासियों के पहनावे को गाली, देश के सेना के अध्यक्ष को गाली और कांग्रेस पार्टी अपना संतुलन खो बैठी है.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता कंफ्यूज हो गए हैं और पूरी की पूरी कांग्रेस पार्टी फ्यूज हो गई है.

कांग्रेस पार्टी अभी तक तय नहीं कर पाई मुख्यमंत्री: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब तक अपना नेता तय नहीं कर पाई है, तो वो कैसे मध्य प्रदेश में किए गए विकास के वादों को पूरा करेगी. कांग्रेस के सब नेताओं की अपनी अलग-अलग सरकार हैं. छिंदवाड़ा आओ तो यहां पर कमलनाथ सरकार, गुना-अशोकनगर जाओ तो वहां सिंधिया सरकार, रीवा जाओ तो अजय सिंह सरकार, भोपाल में जाओ तो पचौरी सरकार और झाबुआ जाओ तो वहां भूरिया सरकार.

राहुल पर मोदी का तंज- पार्टी के नेता ही उनको नहीं लेते सीरियस
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘जिस नामदार के भाषणों और उनकी बातों को उनकी पार्टी के नेता ही सीरियसली नहीं लेते हैं, मुझे विश्वास है कि देश की जनता भी उन्हें सीरियस नहीं लेगी.’ उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नामदार को NCC क्या है….पता नहीं, कैलाश मानसरोवर जाकर आए कैसा अनुभव हुआ…..पता नहीं, घोषणा पत्र क्या है…मालूम नहीं. क्या ऐसे लोगों को देश दिया जा सकता है?

पीएम मोदी ने नोटबंदी के फायदे गिनाए
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए शुक्रवार को शहडोल जिले पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी से हुए फायदे गिनाए. उन्होंने कहा, देश हो या मध्य प्रदेश हर तरफ सड़कें बन रही हैं, शौचालय बन रहे हैं, आईआईटी, आईआईएम और एम्स खुल रहे हैं, लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि मोदी इतने कम समय में इतना पैसा लाया कहां से. यह पैसा उन लोगों का है, जिन्होंने चार पीढ़ियों से बिस्तर के नीचे, अलमारी में छुपा कर रखा था, नोटबंदी से वह रकम बैंकों में आ गई. यह पैसा आपका (जनता) है.’

उन्होंने आगे कहा, संसाधनों पर समाज के हर वर्ग का हक है और हमारा ‘दृष्टि-पत्र’ हर गरीब को उसकी बुनियादी जरूरतें रोटी, कपड़ा, मकान, बच्चों की पढ़ाई और बीमारों को दवाई उपलब्ध कराने का संकल्पपत्र है.’ मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के ‘दृष्टि-पत्र’ में गरीबों और किसानों को प्राथमिकता दी गई है. छोटे किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *