सेमीफाइनल में मैरीकॉम और लवलीना, भारत के 2 मेडल तय

नई दिल्ली: पांच बार की चैंपियन एमसी मैरीकाम (48 किग्रा) ओर लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा) ने मंगलवार को 10वीं आईबा (AIBA) महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बना ली. इसके साथ ही इन दोनों खिलाड़ियों का मेडल पक्का हो गया है. जबकि, युवा मुक्केबाज मनीषा मौन (54 किग्रा) और भाग्यवती काचरी (81 किग्रा) को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. सोनिया चहल, पिंकी रानी और सिमरनजीत ने भी क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया है. सीमा पूनिया सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी.

एमसी मैरीकॉम ने दिन की शुरुआत आईबा चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में चीन की यू वु पर 5-0 की शानदार जीत से की. अब वे गुरुवार को उत्तर कोरिया की हयांग मि किम से भिड़ेंगी, जिन्हें उन्होंने पिछले साल एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में हराया था. मैरीकॉम ने यह मुकाबला 5-0 (30-27, 29-28, 30-27, 29-28, 30-27) से जीता. लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम ने अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए चीनी मुक्केबाज को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया. उनके मजबूत मुक्कों का यू वु के पास कोई जवाब नहीं था.

21 साल की लवलीना ने ऑस्ट्रेलिया की 34 साल की काये फ्रांसेस स्कॉट को 5-0 से पस्त किया. वे अब सेमीफाइनल में 22 नवंबर को ताइवान की चेन निएन चिन के सामने होंगी. असम की लवलीना ने पदक पक्का कर लिया है, लेकिन वे स्वर्ण पदक से कम पर संतोष नहीं करना चाहतीं. उन्होंने कहा, ‘मैंने जो रणनीति बनाई थी, वैसा ही किया. मैं खुश हूं, लेकिन मुझे स्वर्ण पदक जीतना है. ताइवानी बॉक्सर के खिलाफ मेरी सेमीफाइनल बाउट है, उसके हिसाब से रणनीति बनानी होंगी. मैं उससे पहले खेल चुकी हूं, लेकिन मैं हार गई थी. तब मैंने शुरुआत की थी और इतनी अच्छी नहीं थी.’

दोपहर के सत्र में मनीषा मौन (54 किग्रा) रिंग में उतरीं. युवा मुक्केबाज मनीषा का मुकाबला 2016 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता स्टोयका पैट्रोवा से हुआ. स्टोयका ने यह मुकाबला 4-1 से जीता. भाग्यवती काचरी (81 किग्रा) को कोलंबिया की जेसिका पी सी सिनिस्टरा से 2-3 से हार का मुंह देखना पड़ा. सोनिया चहल, पिंकी रानी, सिमरनजीत ने भी क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया है. सीमा पूनिया सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *