हरिद्वार में गंगा स्नान, रुडक़ी में लगा जाम

रुडक़ी। हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर रुडक़ी में सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। जाम के चलते सुबह से हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। लोगों को थोड़ा सा सफर तय करने में घंटों का समय लगा। इस दौरान हाईवे पर जाम खुलवाने के लिए कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। जाम के चलते लोगों को सडक़ पार करने में काफी समय लगा।

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान को लेकर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उप्र समेत कई राज्यों के लोगों ने हरिद्वार का रुख किया। गुरुवार रात से ही हरिद्वार जाने वालों का सिलसिला शुरू हो गया था। जिसके चलते रात से ही हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। सुबह होते ही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसके चलते हाईवे पर जाम लग गया। जाम का आलम यह रहा है कि हाईवे पर कई किमी तक वाहनों की लाइन लगी रही। जिसके चलते सुबह से ही हाईवे पर वाहन रेंग कर चलते रहे। जाम के चलते लोगों को एक किमी सफर तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। हाईवे पर रामपुर चुंगी से लेकर ईदगाह चौक, रामनगर, आजादनगर, बीएसएम चौक, मालवीय चौक, सेना चौक, एसडीएम चौक, बस अड्डा, रुडक़ी टाकिज, डमडम चौक, मलकपुर चुंगी, शेरपुर से लेकर बेलड़ा तक हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। हाईवे के अलावा शहर के अंदरुनी इलाके भी जाम की चपेट में आ गए। शहर के अंदर नगर निगम पुल, नया पुल, मेनबाजार, बीटी गंज , अनाज मंडी बाजार में जाम लग रहा है। जाम का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

गंगा स्नान पर जाम का असर देहात क्षेत्र में भी दिखा। देहात क्षेत्र के भगवानपुर, मंगलौर आदि जगहों पर जाम का असर रहा। सुबह से ही भगवानपुर के मंडावर से लेकर कंरौदी गांव के बीच जगह जगह पर जाम लगता रहा। जाम के चलते हाइवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। भगवानपुर में वैसे भी फोरलेन का काम चल रहा है। जिसके चलते वाहनों की गति कम होने के साथ ही वाहनों का दबाव बढऩे से जाम लगा। सुबह से लेकर शाम तक जाम का सिलसिला चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *