गंगा तटों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया

ऋषिकेश। स्पर्श गंगा अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों ने गंगा तटों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गंगा तट को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
रविवार को स्पर्श गंगा टीम ऋषिकेश के स्वयंसेवकों ने नाव घाट में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के तहत नाव घाट, विवेकानंद घाट, रामानंद घाट, चंद्रेश्वर नगर घाट में स्वच्छता अभियान चलाया और साफ सफाई कर एकत्रित कूड़े का निस्तारण किया। नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड नंबर 15 से नवनिर्वाचित पार्षद प्रभाकर शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह गंगा तटों को साफ-सुथरा बनाए रखे। मौके पर जॉनी लांबा, राकेश, सोनू आदि उपस्थित थे। उधर त्रिवेणी घाट पर स्पर्श गंगा के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। जिसके तहत स्वयंसेवकों ने साईं घाट, आस्थापथ, त्रिवेणी घाट, पीपल घाट, दत्तात्रेय घाट आदि गंगा तटों पर साफ सफाई की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा घाटों पर घूम रहे लोगों व पर्यटकों से तट को स्वच्छ बनाए रखने व कूड़ेदान का प्रयोग करने की अपील भी की।इस मौके पर सरोज डिमरी, पार्षद रीना शर्मा, मूंगा देवी, ऊषा जोशी, संजीज शर्मा, संगीता सती, कान्ता शर्मा, शशी बंगवाल, प्रेमा नौटियाल, प्रेमा बहुगुणा, दर्शनी नौटियाल, मोनिका गर्ग, केतन शाह आदि उपस्थित थे।