परिवहन, वन एवं युवा सेवा खेल मंत्री गोविंद ठाकुर का कुल्लू पहुंचने पर होगा भव्य स्वागत

जगह-जगह तोरणद्वार लगाकर कुल्लवी परंपरानुसार ढोल-नगाड़ों के साथ किया जाएगा स्वागत
-जिला भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया फैसला
-संगठन ने प्रशासन से भी की इस विषय को लेकर चर्चा
कमलेश वर्मा(परी), कुल्लू,29 दिसंबर। परिवहन, वन एवं युवा सेवा खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का कुल्लू पहुंचने पर भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। कुल्लू के परिधि गृह में आयोजित जिला भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा द्वारा की गई। जानकारी देते हुए जिला भाजपा महामंत्री जोगिंद्र शुक्ला ने बताया कि बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद यह तय किया गया कि कैबिनेट मंत्री का कुल्लू के प्रवेश द्वार से लेकर जगह-जगह तोरणद्वार लगाकर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिला के प्रवेश द्वार बजौरा में बंजार मंडल द्वारा कुल्लवी परंपरानुसार ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बंजार भाजपा मंडल द्वारा एक क्विंटल लड्डू बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कुल्लू भाजपा मंडल द्वारा कैबिनेट मंत्री गोविंद ठाकुर का भुंतर में पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। जिला मुख्यालय के कॉलेज गेट पर जिला भाजपा, कुल्लू मंडल एवं मनाली मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। महासचिव जोगिंद्र शुक्ला ने बताया कि मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर को खुले वाहन तक कलाकेंद्र तक लाया जाएगा जहां पर मंत्री का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। नागरिक अभिनंदन को लेकर जिला पदाधिकारियों ने अतिरिक्त जिलाधीश राकेश शर्मा से भी विस्तृत चर्चा की गई ताकि प्रशासन की तरफ से भी सहयोग हो सके और इस भव्य आयोजन को सफल बनाया जाए। बैठक में भाजपा के चारों मंडलों के कार्यकर्ताओं से यह भी आह्वान किया गया कि इस नागरिक अभिनंदन को सफल बनाने के लिए कुल्लू के ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में दोपहर एक बजे भारी संख्या में पहुंचकर अपनी -अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। बैठक में कुल्लू सदर के पूर्व विधायक महेश्वर ङ्क्षसह, कुल्लू मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, महामंत्री अमर ठाकुर, मनाली भाजपा महामंत्री अखिलेश कपूर, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष गोर्वधन ठाकुर, जिला सचिव नवल नेगी, सौरभ भारद्वाज, जिला भाजपा महिला उपाध्यक्ष शारदा पोतदार, जिला भाजपा महिला सचिव बंतो देवी, जिला भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अरविंद चंदेल सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।